1. Home
  2. राज्य
  3. उत्तरप्रदेश
  4. यूपी सरकार के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा का आश्वासन- वाराणसी में पत्रकारों के लिए बनेगा मीडिया हाउस
यूपी सरकार के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा का आश्वासन- वाराणसी में पत्रकारों के लिए बनेगा मीडिया हाउस

यूपी सरकार के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा का आश्वासन- वाराणसी में पत्रकारों के लिए बनेगा मीडिया हाउस

0
Social Share

वाराणसी, 30 मई। उत्तर प्रदेश सरकार में बीते दिनों राज्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हंसराज विश्वकर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पत्रकारों के लिए मीडिया हाउस बनवाने का आश्वासन दिया है।

उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट (उपज) की वाराणसी इकाई द्वारा हिन्दी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर शनिवार को आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि हंसराज विश्वकर्मा ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि वह पत्रकारों के हितार्थ अपना सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

हिन्दी पत्रकारिता दिवस पर उपज की वाराणसी इकाई ने पत्रकारों का किया सम्मान

शिवपुर स्थित होटल रवींद्राया रेजिडेंसी में आयोजित समारोह के दौरान काशी के मूर्धन्य पत्रकारों का सम्मान भी किया गया। लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय में राज्यमंत्री हंसराज ने इस क्रम में वरिष्ठ पत्रकार शुभकार दुबे, सुरेश प्रताप सिंह, विकास पाठक, योगेश कुमार गुप्त, शरद वाजपेयी एवं प्रदीप उपाध्याय को ‘पत्रकारिता शिखर’ सम्मान से अलंकृत किया।

स्थानीय पत्रकारों की समस्याओं से पीएम मोदी व सीएम योगी को अवगत कराएंगे

विधान परिषद सदस्य (MLC) रहते वाराणसी में कई वर्षों तक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिलाध्यक्ष का बखूबी निर्वहन करने के बाद पहली बार राज्य मंत्रिमंडल में जगह पाने वाले हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि पत्रकारों की जो भी समस्याएं हैं, उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचा कर पूरा करने का प्रयत्न किया जाएगा। उन्होंने उपज, वाराणसी इकाई के महामंत्री मोनेश श्रीवास्तव से कहा कि वह एक प्रतिवेदन तैयार कर उन्हें दें, जिसे प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री तक प्रेषित कर उसे क्रियान्वित करने का प्रयास होगा।

समारोह के विशिष्ट अतिथि कांची कामकोटि पीठ के प्रतिनिधि बीएस सुब्रह्मण्यम मणि ने अपने उद्बोधन में कहा, ‘जिस प्रकार भगवान भास्कर के दर्शन कर हम दिन की शुरुआत करते है, उसी प्रकार सुबह समाचार पत्रों के माध्यम से हम देश विदेश की गतिविधियों से अवगत होते हैं। इसमें पत्रकारों की भूमिका अहम हो जाती है।’

हिन्दी पत्रकारिता के लिए अंग्रेजियत छोड़नी होगी : आचार्य बाल लखेंद्र

मुख्य वक्ता बीएचयू पत्रकारिता विभाग के आचार्य बाल लखेंद्र जी ने कहा कि हिन्दी पत्रकारिता के लिए अंग्रेजियत छोड़नी होगी। आज पूरे देश में हिन्दी पत्रकारिता अपना एक महत्वपूर्ण साख रखती है। विशिष्ट अतिथि पूर्व विधान परिषद सदस्य चेत नारायण सिंह ने कहा कि पत्रकारिता आज जोखिम का कार्य हो गई है, फिर भी दुर्भाग्य है कि पत्रकारों की सुरक्षा की कोई व्यवस्था आज भी नहीं है।

पत्रकारों व समाचारपत्र कर्मियों के लिए कैश लेश चिकित्सकीय सुविधा की उठी मांग

उपज, वाराणसी इकाई के अध्यक्ष विनोद बागी ने मंत्री के समक्ष मांग रखी कि आज की तारीख में सभी को चिकित्सा सुविधा सरकार प्रदान कर रही है, लेकिन पत्रकारों व समाचारपत्र कर्मियों को कोई चिकित्सीय सुविधा न देना बहुत ही दुर्भाग्य है। उन्होंने सरकार से कैश लेश चिकित्सकीय सुविधा देने की मांग की।

इस अवसर पर विश्व प्रसिद्ध तबला वादक पंडित अशोक पांडे एवं वायलिन पर उनके साथ पंडित सुखदेव मिश्र जी ने अपनी प्रस्तुति से लोगों का मंत्र मुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री मोनेश ने किया। स्वागत उद्बोधन डॉ. अरविंद कुमार सिंह एवं धन्यवाद उपाध्यक्ष अनिल जायसवाल ने किया।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code