1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. कर्नाटक : डीके शिवकुमार चुने गए कांग्रेस विधायक दल के नेता, 24वें मुख्यमंत्री के रूप में 3 जून को लेंगे शपथ
कर्नाटक : डीके शिवकुमार चुने गए कांग्रेस विधायक दल के नेता, 24वें मुख्यमंत्री के रूप में 3 जून को लेंगे शपथ

कर्नाटक : डीके शिवकुमार चुने गए कांग्रेस विधायक दल के नेता, 24वें मुख्यमंत्री के रूप में 3 जून को लेंगे शपथ

0
Social Share

बेंगलुरु, 30 मई। दक्षिणी राज्य कर्नाटक में 24वें मुख्यमंत्री की ताजपोशी का रास्ता साफ हो गया है। इस क्रम में कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर सिद्धारमैया के पद छोड़ने के दो दिन बाद डीके शिवकुमार शनिवार को कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक में सर्वसम्मति से नेता चुन लिए गए। वह तीन जून को लोकभवन में कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे।

कार्यवाहक मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने विधान सौध की तीसरी मंजिल पर कॉन्फ्रेंस हॉल में हुई बैठक में आधिकारिक तौर पर घोषणा करते हुए कहा कि डीके शिवकुमार को कर्नाटक कांग्रेस विधायक दल का नेता चुन लिया गया है।

लोकभवन के ग्लास हाउस में होगा शपथ ग्रहण समारोह

जहां तक शपथ ग्रहण की बात है तो पहले कहा जा रहा था कि शिवकुमार विधान सौध में शपथ लेंगे। लेकिन बैठक के बाद कांग्रेस ने आधिकारिक तौर पर घोषणा कर दी कि शपथ ग्रहण लोकभवन के ग्लास हाउस में होगा।

कार्यवाहक सीएम सिद्धारमैया ने डीके शिवकुमार के नाम का प्रस्ताव रखा

इसके पूर्व कर्नाटक कांग्रेस विधायक दल की बैठक में कार्यवाहक सीएम सिद्धारमैया ने नए नेता के तौर पर डीके शिवकुमार के नाम का प्रस्ताव रखा। वहीं डॉ. जी परमेश्वर ने उनके इस प्रस्ताव का समर्थन किया। उसके बाद सभी विधायकों ने एकमत से शिवकुमार के नाम पर अपना समर्थन दिया।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बाद में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीके शिवकुमार के कांग्रेस विधायक दल का नया नेता चुने जाने की घोषणा की। इससे पहले, कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कार्यवाही शुरू करते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक दल का नया नेता चुनने की प्रक्रिया सिद्धारमैया के प्रस्ताव के साथ आगे बढ़ेगी।

सिद्धारमैया ने एक लाइन का प्रस्ताव पेश किया, जिसमें कहा गया कि नए विधायक दल के नेता को चुनने का मामला एआईसीसी के विवेक पर छोड़ दिया गया है। परमेश्वर ने इसका समर्थन किया और सभी विधायकों ने हाथ उठाकर इसका समर्थन किया। उसके बाद कांग्रेस महासचिव सुरजेवाला ने फिर 10 मिनट के ब्रेक का ऐलान किया। इस दौरान सिद्धारमैया, वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मुख्यमंत्री के चैंबर में चर्चा की। ब्रेक के बाद नए नेता का चुनाव पूरा हुआ।

शिवकुमार ने राजभवन जाकर पेश किया सरकार बनाने का दावा

इसके बाद नए चुने गए नेता डीके शिवकुमार ने मुख्यमंत्री के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान निवर्तमान नेता सिद्धारमैया की सेवाओं की तारीफ करते हुए एक प्रस्ताव पेश किया और विधायकों का समर्थन मांगा। बैठक में इसे एकमत से मंजूरी दी गई। बैठक के बाद डीके शिवकुमार सीधे राजभवन गए और सरकार बनाने का दावा पेश किया।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code