ममता बनर्जी ने भाजपा पर धमकाने का लगाया आरोप, बोलीं- ‘अभिषेक को कुछ हुआ तो अस्पताल जिम्मेदार होगा’
कोलकाता, 31 मई। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने अपने सांसद भतीजे अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर नाराजगी जताने के साथ भाजपा व डीसीपी पर अस्पताल को धमकी देने का आरोप लगाया । ममता ने साथ ही दावा किया कि यदि अभिषेक को कुछ भी हुआ तो उसका जिम्मेदार अस्पताल ही होगा।
भाजपा के दबाव पर अस्पताल ने अभिषेक को घर भेजा
ममता बनर्जी ने शनिवार की देर रात मीडिया से बातचीत में कहा कि अभिषेक बनर्जी को अस्पताल के आईटीयू में भर्ती कराया गया था। वहां उनके 3D सीटी स्कैन, यूएसजी और थोरेसिक टेस्ट किए गए थे। उन्होंने कहा कि अस्पताल पर बनाए जा रहे भारी दबाव के बीच अभिषेक को घर भेज दिया गया है और अब घर पर ही उनका इलाज चलेगा। पूर्व सीएम ने कहा, ‘अभिषेक को घर भेज दिया गया है। अब उनका इलाज घर पर ही जारी रहेगा। हमारे फैमिली डॉक्टर पूरे इलाज की निगरानी करेंगे।’

सुरक्षा में चूक और लोकतंत्र की हत्या का आरोप
ममता बनर्जी ने अस्पताल प्रशासन और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि अगर अभिषेक की हालत गंभीर नहीं थी तो उन्हें आईटीयू में क्यों रखा गया था? और अगर वह गंभीर थे तो अब दबाव में उन्हें रिलीज क्यों कर दिया गया? उन्होंने इसे सुरक्षा में बड़ी चूक बताया।
VIDEO | Kolkata: Reacting to the attack on TMC MP Abhishek Banerjee, Former West Bengal Chief Minister Mamata Banerjee says, “When I was sitting with Mr Tandon, the administrator of the hospital, he was requesting me because he was allegedly receiving threat calls from the police… pic.twitter.com/RZpk2XSEMW
— Press Trust of India (@PTI_News) May 30, 2026
टीएमसी प्रमुख ने कहा, ‘उनके (अभिषेक बनर्जी) शरीर में खून के थक्के जमे हुए हैं। यदि उन्होंने हेलमेट नहीं पहना होता तो अभिषेक की मौके पर ही मौत हो जाती। अब अभिषेक का घर ही अस्पताल की तरह रहेगा। वहां ऑक्सीजन सिलेंडर और दूसरी जरूरी उपकरण रखे जाएंगे। यदि अभिषेक को कुछ भी होता है, तो इसके लिए ये अस्पताल वाले ही जिम्मेदार होंगे।’
ममता ने इस पूरी स्थिति को लोकतंत्र की हत्या करार दिया। उन्होंने यह भी कहा कि ये सरकार बदली नहीं है, बल्कि इसे जबरन बदला गया है। बंगाल के स्थानीय नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली के भाजपा नेता इतने बुरे नहीं हैं, जितने यहां बंगाल के नेता हैं। उन्होंने सीआईडी को भी डरपोक बताया।
सांसद अभिषेक बनर्जी जी पर सोनारपुर में हुआ हमला बेहद निंदनीय है।
एक सांसद पर हमला सिर्फ़ एक व्यक्ति पर हमला नहीं – यह उस जनता पर है जिसने उन्हें चुना, और उस लोकतंत्र पर है जो हम सबकी साझी विरासत है।
यह BJP की बदले की राजनीति का घिनौना रूप है। राजनीतिक मतभेद कभी हिंसा का कारण…
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 30, 2026
राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने जताई चिंता
ममता बनर्जी ने बताया कि देश के कई बड़े नेताओं ने फोन करके अभिषेक का हालचाल जाना है और अपनी चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी ने फोन किया था और मदद की पेशकश की थी। उन्होंने ये भी सुझाव दिया कि अभिषेक को इलाज के लिए हैदराबाद ले जाया जा सकता है। इसके अलावा कपिल सिब्बल और अखिलेश यादव भी अभिषेक को लेकर काफी परेशान हैं।’
बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के महत्वपूर्ण नेता श्री अभिषेक बनर्जी जी के ऊपर जानलेवा हमला करवाकर बंगाल की अराजक भाजपा सरकार ने साबित कर दिया है कि भाजपा नफ़रत भरी नकारात्मक हिंसक राजनीति के सिवा और कुछ नहीं कर सकती है। इतने संवेदनशील वातावरण में भी पुलिस की व्यवस्था न होना एक बड़ी…
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) May 30, 2026
अखिलेश बोले – हिंसक राजनीति के अलावा कुछ नहीं कर सकती भाजपा
इसी क्रम में समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, ‘बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के एक बड़े नेता अभिषेक बनर्जी पर जानलेवा हमला करवाकर, राज्य की अराजक भाजपा सरकार ने यह साबित कर दिया है कि भाजपा नफरत भरी, नेगेटिव और हिंसक राजनीति के अलावा कुछ नहीं कर सकती। इतने संवेदनशील माहौल में भी पुलिस सुरक्षा का न होना, एक बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है, बहुत निंदनीय है!’
Strongly condemn the shocking attack on MP Shri Abhishek Banerjee in Sonarpur, as he went to meet the families affected by post-poll violence in the state.
The deliberate lack of adequate police protection for a prominent Opposition leader speaks volumes about the BJP’s…
— Mallikarjun Kharge (@kharge) May 30, 2026
पर्याप्त पुलिस सुरक्षा न देना भाजपा की बदले की राजनीति – खरगे
उधर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, ‘सोनापुर में सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए चौंकाने वाले हमले की कड़ी निंदा करता हूं, जब वे राज्य में चुनाव के बाद हुई हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलने गए थे। एक बड़े विपक्षी नेता को जान बूझकर पर्याप्त पुलिस सुरक्षा न देना भाजपा की बदले की राजनीति और उत्पीड़न के बारे में बहुत कुछ बताता है। पश्चिम बंगाल सरकार और केंद्र सरकार को सभी विपक्षी नेताओं की सुरक्षा पक्की करनी चाहिए और ऐसे हमलों को रोकने के लिए तुरंत कदम उठाने चाहिए। राजनीतिक मतभेद कभी भी किसी भी तरह की हिंसा को सही नहीं ठहरा सकते।’
सोनारपुर में जुटे थे बाहरी लोग, टीएमसी करेगी आंदोलन
अभिषेक बनर्जी के सोनारपुर दौरे का जिक्र करते हुए ममता बनर्जी ने बताया कि पुलिस को इस यात्रा की जानकारी पहले ही दे दी गई थी। वहां जो भीड़ जुटी थी, वो सभी बाहरी लोग थे। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी आज डॉक्टरों, अस्पतालों और सभी समुदायों को डरा-धमका रही है।
ममता खुद सोमवार को तानाशाही के खिलाफ धरने पर बैठेंगी
इस बीच अभिषेक बनर्जी पर हुए इस हमले के खिलाफ टीएमसी कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार से ही टीएमसी कार्यकर्ता पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन शुरू करेंगे। वहीं, तय कार्यक्रम के मुताबिक ममता बनर्जी खुद सोमवार को कोलकाता के रानी रासमणि रोड पर इस सुरक्षा चूक और तानाशाही के खिलाफ धरने पर बैठेंगी।
