यूपी : ATS ने 30 लाख के ईनामी नक्सली कमांडर बृजेश गंझू को ढेर किया

वाराणसी, 20 सितम्बर। उत्तर प्रदेश ATS की वाराणसी टीम ने रविवार तड़के रामनगर थाना क्षेत्र के लंका मैदान के पास मुठभेड़ में 30 लाख रुपये के ईनामी प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (TPC) के कमांडर बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह को ढेर कर दिया। बृजेश पर झारखंड सरकार ने 25 लाख और एटीएस ने पांच लाख रुपये का ईनाम घोषित कर रखा था।

वाराणसी पुलिस के अनुसार ईनामी नक्सली बृजेश गंझू झारखंड के चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र के लूटू गांव का रहने वाला था। वह रविवार तड़के अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से टेंगरा मोड़ से रामनगर होते हुए मुगलसराय की ओर जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एटीएस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि रुकने के बजाय बृजेश मोटरसाइकिल से कूद गया और एटीएस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

मुठभेड़ में बाल-बाल बचे डिप्टी एसपी और हेड कांस्टेबल

पुलिस के अनुसार, जवाबी काररवाई में बृजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल रामनगर के लालबहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि बृजेश की ओर से की गई फायरिंग में यूपी एटीएस के डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी। हालांकि, दोनों पुलिसकर्मी सुरक्षित हैं।

टीपीसी का कमांडर था बृजेश गंझू

बृजेश गंझू टीपीसी का प्रमुख कमांडर था और उसके खिलाफ झारखंड में कई आपराधिक मामले दर्ज थे। उस पर झारखंड सरकार की ओर से 25 लाख और एटीएस की ओर से पांच लाख रुपये का ईनाम घोषित था। मुठभेड़ के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।

ट्रांसपोर्टरों और ठेकेदारों से वसूली करता था नक्सली

मीडिया की खबरों के अनुसार बृजेश गंझू ट्रांसपोर्टरों, कोयला खनन कम्पनियों और ठेकेदारों से वसूली करता था। करीब आठ साल पहले झारखंड पुलिस ने एक्शन लेते हुए उसके घर की कुर्की की काररवाई की थी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular