एशियाई खेल : शूटर वलारिवन के शानदार प्रदर्शन से भारत ने पहले दिन जीते दो रजत पदक

नागोया, 20 सितम्बर। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में शूटर एलावेनिल वलारिवन के शानदार प्रदर्शन के सहारे भारत ने यहां एशियाई खेलों (Aichi-Nagoya 2026) की निशानेबाजी प्रतियोगिता के पहले दिन दो रजत पदक जीतकर अपने अभियान की श्रेष्ठ शुरुआत की।

महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा मिले दोनों रजत

देश की सबसे कुशल राइफल निशानेबाजों में से एक एलावेनिल ने टीम स्पर्धा का रजत पदक दिलाने में मदद की और फिर व्यक्तिगत स्पर्धा में भी रजत पदक जीता। तमिलनाडु में जन्मी यह निशानेबाज फाइनल के अधिकतर समय तक स्वर्ण पदक जीतने की स्थिति में दिख रही थी, लेकिन अंतिम क्षणों में जापान की हिनाता ताइची ने उन्हें पीछे छोड़कर सोने का तमगा हासिल किया।

स्वर्ण पदक विजेता ताइची से सिर्फ 0.6 अंक पिछड़ गईं एलावेनिल

विश्व चैम्पियनशिप 2025 की कांस्य पदक विजेता एलावेनिल ने 252.4 अंक हासिल किए, जो ताइची से सिर्फ 0.6 अंक कम थे। ताइची ने 253.0 अंक हासिल करके एशियाई खेलों के रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। मौजूदा विश्व चैम्पियन और पेरिस ओलम्पिक की स्वर्ण पदक विजेता दक्षिण कोरिया की बान ह्योजिन ने 230.4 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता।

एलावेनिल का यह एशियाई खेलों में पहला व्यक्तिगत पदक

एलावेनिल का यह एशियाई खेलों में पहला व्यक्तिगत पदक है। इससे पहले उन्होंने 2018 जकार्ता और 2022 हांगझू खेलों में भाग लिया था, लेकिन पोडियम पर जगह बनाने में असफल रही थीं। यह रजत पदक एलावेनिल का दिन का दूसरा पदक था। इससे पहले उन्होंने सोनम मस्कर और विदरसा विनोद के साथ मिलकर महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता था। सोनम ने भी फाइनल में जगह बनाई थी, जहां वह 167 अंकों के साथ छठे स्थान पर रही।

एलावेनिल ने बाद में कहा, ‘मैं जानती थी कि मैं शीर्ष तीन में शामिल हूं। मैं अपनी प्रक्रिया और तकनीक पर ध्यान केंद्रित कर रही थी, फिर भी मैं थोड़ी लापरवाह हो गई। मुझे अपने फाइनल पर और काम करने की जरूरत है। बस इतना ही। मुझे लगा कि मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और मुझे खुशी है कि मैंने रजत पदक जीता।’

टीम स्पर्धा में एलावेनिल, सोनम व विदरसा की तिकड़ी को दूसरा स्थान, चीन ने बनाया विश्व रिकॉर्ड

इससे पहले एलावेनिल, सोनम और विदरसा की भारतीय तिकड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1898.0 के कुल स्कोर के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। चीन की टीम ने 1904.2 अंकों के साथ क्वालीफाइंग में नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। चीन ने पिछले वर्ष अगस्त में शिमकेंट में एशियाई चैम्पियनशिप में बनाए गए अपने ही रिकॉर्ड (1902.0) को बेहतर किया।

भारत और जापान के बीच रजत पदक के लिए कड़ा मुकाबला हुआ, लेकिन आखिर में भारतीय खिलाड़ियों ने संयम बनाए रखते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। जापान 1897.1 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा, जो भारत से केवल 0.9 अंक कम रहा।

हांगझू में भारत ने 7 स्वर्ण सहित 22 पदक जीते थे

उल्लेखनीय है कि भारतीय निशानेबाजों ने हांगझू एशियाई खेलों में रिकॉर्ड 22 पदक (सात स्वर्ण, नौ रजत और छह कांस्य) जीते थे और अब यह रजत पदक भारत के निशानेबाजी अभियान के लिए एक उत्साहजनक शुरुआत है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular