Site icon hindi.revoi.in

TMC को लगा एक और बड़ा झटका, प्रकाश चिक बराइक ने राज्यसभा से दिया इस्तीफा, सभापति को लिखे पत्र

Social Share

नई दिल्ली, 11 जून। ममता बनर्जी को गुरुवार को एक और झटका उस समय लगा, जब राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बराइक ने उच्च सदन से इस्तीफ़ा दे दिया। सुखेंदु शेखर रॉय और सुष्मिता देव के बाद यह तीसरे सांसद का इस्तीफा है। बराइक के इस्तीफ़े के साथ राज्यसभा में टीएमसी के सांसदों की संख्या घटकर 10 सांसद रह जाएगी। सूत्रों ने यह भी संकेत दिया है कि अगले हफ़्ते के अंदर TMC के तीन और राज्यसभा सांसद इस्तीफ़ा दे सकते हैं, जिससे ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी के लिए संकट और गहरा सकता है।

राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन को लिखे पत्र में प्रकाश चिक बराइक ने कहा, ‘मैं राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफ़ा देता हूं, जिसे कृपया तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया जाए। राज्यसभा के सदस्य के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान मिली सभी मदद और सहयोग के लिए मैं आपके, उप-सभापति और राज्यसभा सचिवालय के सभी अधिकारियों के प्रति अपना हार्दिक आभार व्यक्त करता हूँ’।

कांग्रेस में विलय की अटकलों को बागी गुट ने नकारा

टीएमसी नेता रितब्रत बनर्जी ने बुधवार को बागी गुट और कांग्रेस के बीच किसी भी तरह के विलय की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा घटनाक्रम पूरी तरह से संगठन का आंतरिक मामला है। रितब्रत बनर्जी ने दावा किया कि उनके गुट के पास समर्थन 58 से बढ़कर 64 विधायकों तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा, “फिलहाल यह संख्या 64 है। ये लोग आकर स्पीकर को पत्र सौंपेंगे।” उन्होंने बताया कि यह गुट अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए जल्द ही पश्चिम बंगाल विधानसभा अध्यक्ष से औपचारिक रूप से संपर्क करेगा।

विलय की अटकलों को खारिज करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया, “जहां तक विलय का सवाल है, हमारी विधायक दल निश्चित रूप से कांग्रेस में शामिल नहीं हो रही है। संसद में दो-तिहाई से अधिक सांसद भी कांग्रेस में विलय नहीं कर रहे हैं।” बनर्जी ने कहा कि पार्टी का कोई भी वर्ग चाहे वह सांसद हों, नगर निगम प्रतिनिधि हों, जिला परिषद सदस्य हों या पंचायत सदस्य किसी विलय की ओर नहीं बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, “कौन किसके साथ विलय कर रहा है? विलय का कोई सवाल ही नहीं उठता।”

Exit mobile version