1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. लोकतंत्र का महापर्व : पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान शुरू, तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर वोटिंग जारी
लोकतंत्र का महापर्व : पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान शुरू, तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर वोटिंग जारी

लोकतंत्र का महापर्व : पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान शुरू, तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर वोटिंग जारी

0
Social Share

कोलकाता/चेन्नई, 23 अप्रैल। देश के दो प्रमुख राज्यों, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया उत्साहपूर्वक शुरू हो गई है। जहाँ तमिलनाडु में सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में मतदान हो रहा है, वहीं पश्चिम बंगाल में दो चरणों में से पहले चरण के तहत 152 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। पश्चिम बंगाल के 16 जिलों (उत्तर और दक्षिण बंगाल) में सुबह 7 बजे से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गईं। निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय बलों की 2,407 कंपनियां तैनात की गई हैं। सभी बूथों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था है।

TMC की जनता से अपील- हमारी मां का सम्मान करने के लिए वोट दें

TMC ने लोगों से वोट करने की अपील करते हुए कहा, ”बंगाल में मतदान का पहला चरण चल रहा है। हम प्रत्येक मतदाता से आह्वान करते हैं कि वे स्वतंत्र रूप से, निष्पक्षता से और बिना किसी भय के अपने लोकतांत्रिक मताधिकार का प्रयोग करें। सिर ऊंचा करके मतदान करें। हमारी मां का सम्मान करने के लिए वोट दें। हमारी माता की रक्षा के लिए वोट दें। हमारे मानुष की सुरक्षा के लिए वोट दें. स्वाभाविक बंगाल में विकास की गति को बनाए रखने के लिए वोट दें। प्रत्येक व्यक्ति के अधिकारों की रक्षा के लिए वोट दें। और बांग्ला-विरोधी बोहिरागोटो जमींदारों द्वारा वर्षों से किए गए उपेक्षा, उत्पीड़न, वंचना और शोषण का करारा जवाब देने के लिए वोट दें।”

सत्यापन प्रक्रिया और ईवीएम में खराबी :

मतदाताओं को दो-स्तरीय सुरक्षा जांच (CAPF और BLO द्वारा) से गुजरना पड़ रहा है। इसके अलावा कुछ स्थानों जैसे दुर्गापुर, सिलीगुड़ी और बहारामपुर में ईवीएम और बैटरी की खराबी के कारण मॉक पोलिंग में देरी की खबरें आईं, जिन्हें बाद में ठीक कर लिया गया।

तमिलनाडु : एक ही चरण में फैसला

तमिलनाडु की सभी सीटों पर आज एक साथ मतदान हो रहा है। राज्य भर के मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं और सुबह से ही मतदाताओं में भारी जोश देखने को मिल रहा है। जहां दक्षिण भारतीय सिनेमा के दिग्गज सितारों ने सुबह-सुबह अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुपरस्टार रजनीकांत ने मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपना वोट डाला। वहीं, अभिनेता और राजनेता कमल हासन अपनी बेटी श्रुति हासन के साथ एल्डम्स रोड स्थित कामराज सलाई म्युनिसिपल स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने मतदान किया।

प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से मतदाताओं, विशेषकर युवाओं और महिलाओं से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने का आग्रह किया है। उन्होंने इसे लोकतंत्र का पवित्र कर्तव्य बताया। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा,”एक मजबूत नेतृत्व वाली सरकार ही बंगाल को सिंडिकेट और भ्रष्टाचार से मुक्ति दिला सकती है। समृद्ध और विकसित बंगाल के लिए पहले मतदान करें, फिर जलपान करें।” पश्चिम बंगाल की शेष 142 सीटों के लिए दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। दोनों ही राज्यों के चुनावी परिणामों की घोषणा 4 मई, 2026 को की जाएगी।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code