महिला एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी : भारत की लगातार दूसरी जीत, दक्षिण कोरिया को 2-1 से दी शिकस्त

भोपाल, 21 नवम्बर। पिछले दो बार की चैम्पियन भारतीय महिला हॉकी टीम ने शनिवार को यहां महिला एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी 2026 की राउंड रॉबिन लीग में अपना विजय अभियान जारी रखा और दक्षिण कोरिया को 2-1 से हरा लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

जापान ने थाईलैंड को हराया, चीन-मलेशिया ने अंक बांटे

छह टीमों की राउड रॉबिन लीग में आज खेले गए दो अन्य मैचों में चीन व मलेशिया की मुलाकात 2-2 बराबर रही जबकि जापान ने थाईलैंड को 3-0 से शिकस्त दी।

मेजबानों के लिए मुमताज व सुनेलिता ने दागे गोल

नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए मैच में मेजबनों के लिए मुमताज खान ने 30वें मिनट में शानदार मैदानी गोल करके खाता खोला। इसके बाद सुनेलिता टोप्पो ने तीसरे क्वार्टर के शुरू होने के चार मिनट बाद पेनल्टी कॉर्नर से मिले रिबाउंड पर गोल कर बढ़त दोगुनी कर दी। दक्षिण कोरिया की यंगयून होंग ने 56वें मिनट में मैदानी गोल से टीम की हार का अंतर कम किया।

भारत व जापान के सर्वाधिक 6-6 अंक

दो दौर के बाद भारत, जिसने पहले दिन मलेशिया को 4-1 से परास्त किया था, व जापान छह-छह अंक लेकर शीर्ष पर हैं। गोल अंतर के आधार पर जापन दूसरे स्थान पर है। चीन (चार अंक) तीसरे व मलेशिया (एक अंक) चौथे स्थान पर है। कोरिया व थाईलैंड का खाता नहीं खुल सका है।

मुकाबले की बात करें तो भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। खिलाड़ियों ने लगातार कोरियाई सर्कल में प्रवेश किया, लेकिन वे अपने प्रयासों को गोल में बदलने में नाकाम रहीं। फिर भारत को जल्द ही लगातार दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन नवनीत कौर के दूसरे प्रयास को कोरियाई गोलकीपर ने बचा लिया। नवनीत ने अपनी शानदार रणनीति और खेल से भारत के लिए कई मौके बनाए, लेकिन कोरियाई खिलाड़ियों ने बड़ी संख्या में रक्षापंक्ति में मौजूद रहकर गोल बचाए।

मुमताज ने मध्यांतर से पहले भारत का खाता खोला

भारतीय रक्षापंक्ति के शानदार पास से मैच का पहला गोल हुआ। नवनीत ने दीपिका को गेंद सौंपी, जिनके शॉट को कोरियाई गोलकीपर ने रोक दिया। लेकिन मुमताज सही समय पर सही जगह मौजूद थीं और उन्होंने गेंद को गोल में पहुंचाकर मध्यांतर से ठीक पहले भारत को बढ़त दिला दी।

सुनेलिता ने तीसरे क्वार्टर में बढ़त दोगुनी की

दूसरे हाफ में भी भारत का दबदबा कायम रहा और उसने लगातार हमले करके कोरियाई रक्षापंक्ति पर दबाव बनाए रखा। कप्तान सलीमा टेटे ने मध्यांतर के तुरंत बाद भारत के लिए एक और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन दीपिका की फ्लिक को कोरियाई गोलकीपर ने बचा लिया। इसके बाद तीसरे क्वार्टर में नवनीत के सीधे प्रयास से मिले रिबाउंड पर सुनेलिता ने गेंद को गोल में पहुंचाया और भारत की बढ़त 2-0 कर दी।

खेल समाप्ति से 4 मिनट पहले यंगयून ने कोरिया का इकलौता गोल किया

इस बीच दक्षिण कोरिया को भी कुछ पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन टीम में अनुभवी सविता पूनिया की जगह शामिल की गई गोलकीपर बांसुरी सोलंकी ने शानदार बचाव करते हुए विपक्षी टीम को गोल करने से रोके रखा। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने कोरियाई रक्षापंक्ति पर दबाव बनाए रखा। फिलहाल खेल समाप्ति से चार मिनट पूर्व यंगयून होंग ने मैदानी गोल से कोरियाई टीम की हार का अंतर कम किया।

भारतीय की रविवार को थाईलैंड से मुलाका

रविवार के मैच : जापान बनाम चीन (अपराह्न 12:45 बजे), कोरिया बनाम मलेशिया (अपराह्न 3:00 बजे), भारत बनाम थाईलैंड (शाम 5:15 बजे)।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular