टी20 सीरीज में टीम इंडिया की पहली हार, फिलिप्स के तूफानी शतक के बाद डफी की श्रेष्ठ गेंदबाजी से कीवियों की बड़ी जीत

ऑकलैंड, 30 अक्टूबर। टीम इंडिया को न्यूजीलैंड दौरे पर टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में निर्णायक बढ़त के बाद शुक्रवार को पहली पराजय का सामना करना पड़ा, जब ग्लेन फिलिप्स के तूफानी शतक (107 रन, 49 गेंद, 10 छक्के, छह चौके) और पेसर जैकब डफी (4-23) की अगुआई में श्रेष्ठ गेंदबाजी की मदद से कीवियों ने यहां चौथे मुकाबले में 87 रनों की बड़ी जीत हासिल कर ली। इस पराजय के बाद भारत की लीड अब एक मैच के शेष रहते 3-1 रह गई है।

फिलिप्स व ब्रेसवेल ने 41 गेंदों पर ठोके 115 रन, न्यूजीलैंड 259 रनों तक जा पहुंचा

ईडन पार्क में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य न्यूजीलैंड ने शुरुआत से ही रफ्तार पकड़ ली। इस क्रम में तीसरे ही ओवर में 34 पर दो विकेट गिरने के बावजूद ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ फिलिप्स ने जहां विस्फोट सैकड़ा जड़ दिया वहीं माइकल ब्रेसवेल (65 रन, 25 गेंद, छह छक्के, चार चौके) संग पांचवें विकेट के लिए सिर्फ 41 गेंदों पर 115 रनों की साझेदारी कर दी।

भारत के खिलाफ टी20 में किसी भी टीम का सर्वोच्च स्कोर

फिलिप्स व ब्रेसवेल की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का यह नतीजा हुआ कि मेजबानों ने सात विकेट पर 259 रनों का विशाल स्कोर खड़ कर दिया। यह न सिर्फ न्यूजीलैंड की धरती पर टी20 प्रारूप (घरेलू सहित) में किसी भी टीम का सर्वोच्च स्कोर था वरन टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के खिलाफ भी किसी भी टीम का सर्वोच्च स्कोर बन गया।

अतिरिक्त उछाल वाली पिच पर 172 रनों तक पहुंच सका भारत

दुरूह लक्ष्य के सामने भारतीय बल्लेबाज अतिरिक्त उछाल वाली पिच पर जैकब डफी, मैथ्यू फिशर (2-40) व कप्तान मिचेल सैंटनर (2-24) का मजबूती से सामना नहीं कर सके और सर्वोच्च स्कोरर तिलक वर्मा (35 रन, 35 गेंद, तीन छक्के, एक चौका) सहित अन्य बल्लेबाजों की छिटपुट कोशिशों के बावजूद मेहमान टीम नौ विकेट पर 172 रनों तक ही पहुंच सकी।

संजू व किशन पहले ही ओवर में लौटे, इस झटके से अंत तक उबर नहीं सके मेहमान

वस्तुतः डफी ने भारत की शुरुआत ही खराब कर दी, जब पहले ही ओवर में उन्होंने संजू सैमसन (चार) और ईशान किशन (शून्य) को चलता कर दिया। इस शुरुआती झटके से टीम अंत तक नहीं उबर सकी और पिछले मैच के शतकवीर अभिषेक शर्मा (27 रन, 15 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) व कप्तान श्रेयस अय्यर (22 रन, 11 गेंद, चार चौके) के बीच तीसरे विकेट के लिए 22 गेंदों पर 46 रनों की साझेदारी सबसे बड़ी साबित हुई।

स्कोर कार्ड

नौवें ओवर में 86 रनों पर पांच विकेट गंवा चुके भारत के लिए तिलक, नमन धीर (28 रन, 13 गेंद, दो छक्के, दो चौके), नीतीश कुमार रेड्डी (21 रन, 10 गेंद, दो छक्के) व प्रिंस यादव (नाबाद 18 रन, 17 गेंद, एक छक्का, दो चौके) की कोशिशों से बड़ी पराजय का अंतर तनिक कम हो सका।

फिलिप्स व फिन एलेन के बीच 59 रनों की भागीदारी

इससे पहले कीवी बल्लेबाजों की तेज शुरुआत के बीच युवा पेसर मयंक यादव (3-48) ने टिम साइफर्ट (तीन रन) व डेरिल मिचेल (24 रन, नौ गेंद, दो छक्के, दो चौके) को लौटाकर शुरुआती झटके दिए। लेकिन सीरीज के पहले दो मैचों में मजबूत अर्धशतक ठोकने के बावजूद दल को जीत नहीं दिला सके फिलिप्स ने तत्काल कमान संभाल ली। उन्होंने फिन एलेन (31 रन, 17 गेंद, दो छक्के, दो चौके) संग तीसरे विकेट के लिए 31 गेंदों पर 59 रन जोड़कर टीम को गति प्रदान की।

16वें ओवर में नीतीश के खिलाफ फिलिप्स ने 4 छक्के सहित 32 रन बटोरे

हालांकि फिन व बेवन जैकब्स (सात रन) के त्वरित अंतराल पर आउट होने से रन गति कुछ धीमी पड़ती दिख रही थी, लेकिन फिलिप्स व ब्रेसवेल ने विस्फोटक प्रहारों से मुकाबले का नक्शा ही बदल दिया। 29 वर्षीय फिलिप्स ने प्रिंस यादव के खिलाफ एक ओवर में एक छक्का व तीन चौके जड़ने के बाद सिर्फ 31 गेंदों पर पचासा पूरा किया और फिर 16वें ओवर में नीतीश कुमार रेड्डी पर एक चौका व चार छक्के सहित 32 रन बटोरे।

उधर ब्रेसवेल भी दूसरे छोर से भारतीय गेंदबाजों पर कहर बनकर टूटे। उन्होंने वामहस्त स्पिनर अक्षर पटेल के एक ओवर में लगातार तीन चौके व एक छक्का जड़ते हुए सिर्फ 18 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। फिलिप्स व ब्रेसवेल की आतिशी बल्लेबाजी का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि 11वें ओवर में चार विकेट पर 112 रन से स्कोर 17.2 ओवरों में पांच विकेट पर 227 रनों तक जा पहुंचा।

फिलिप्स ने 46 गेंदों पर पूरा किया तीसरा टी20I शतक

फिलिप्स ने अर्शदीप की गेंद पर सीधा छक्का लगाकर महज 46 गेंदों पर अपना तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया। उन्होंने अर्धशतक से शतक तक पहुंचने के लिए सिर्फ 15 गेंदें खेलीं। शतक पूरा करने के बाद फिलिप्स को रेड्डी (1-64) ने आउट किया, लेकिन तब तक न्यूजीलैंड विशाल स्कोर खड़ा कर चुका था।

हैमिल्टन में एक नवम्बर को अंतिम टी20 मुकाबला होगा

दोनों टीमें अब एक नवम्बर को हैमिल्टन के सेडन पार्क में पांचवां व अंतिम टी20 मुकाबला खेलेंगी। उसके बाद पांच मैचों की एक दिनी अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेली जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular