कोलंबो टेस्ट : पासिंदु व कामिंदु के पचासों से टीम इंडिया का इंतजार बढ़ा, फॉलोऑन के बाद श्रीलंका हार बचाने को संघर्षरत

कोलंबो, 26 अगस्त। सोनल दिनुशा के शतकीय प्रहार (103 रन, 162 गेंद, 232 मिनट, तीन छक्के, आठ चौके) के बावजूद श्रीलंका यहां भारत के खिलाफ दूसरे व अंतिम टेस्ट के चौथे दिन फॉलोऑन नहीं बचा सका। लेकिन पहली पारी में अर्धशतक ठोकने वाले पासिंदु सूरियाबंडारा (92 रन, 173 गेंद, एक छक्का, 10 चौके) एक बार फिर अड़े तो उन्हें कामिंदु मेंडिस (55 रन, 92 गेंद, तीन छक्के, दो चौके) से भी सहारा मिला। इसका नतीजा यह हुआ कि मेजबानों ने 2-0 से सीरीज पर नाम लिखाने को व्यग्र टीम इंडिया की जीत का इंतजार पांचवें दिन पर धकेल दिया।

सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) ग्राउंड पर बुधवार को बारिश के कारण तीसरे सत्र का खेल जब निर्धारित से पहले समाप्त घोषित किया गया तो श्रीलंका ने दूसरी पारी में छह विकेट पर 229 रन बनाए थे और उसे कुल 16 रनों की बढ़त हासिल थी।  भारत के विशाल स्कोर (503 रन) के सामने पहली पारी में 290 रनों पर सिमटने वाली श्रीलंकाई टीम के लिए स्टंप्स तक सोनल दिनुशा सात रन और केशारा नुवांथा तीन रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।

दूसरी पारी में श्रीलंका को 16 रनों की बढ़त, 4 विकेट गिरने शेष

खैर, चौथे दिन के खेल के बाद जो तस्वीर उभरी है, उसके हिसाब से यदि गुरुवार को मौसम ने साथ दिया और मेहमान गेंदबाज सीरीज की लगातार तीनों पारियों में दृढ़प्रतिज्ञ बल्लेबाजी के जरिए दो शतक व एक अर्धशतक जड़ चुके छोटे कद के खब्बू बल्लेबाज दिनुशा सहित बचे चार बल्लेबाजों से जल्द छुटकारा पा सके तो पिछले तीन वर्षों से विदेशी मैदानों पर टेस्ट सीरीज में भारत की पहली जीत का इंतजार अवश्य खत्म हो जाएगा। अब तक गिरे विकेटों में मानव सुथार ने दो विकेट के लिए 81 रन खर्च किए हैं जबकि प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, सारांश जैन और रवींद्र जडेजा ने एक एक सफलता हासिल की है।

फॉलोऑन नहीं बच सका, लेकिन दिनुशा लगातार दूसरा टेस्ट शतक जड़ने में सफल

चौथे दिन पूर्वाह्न 8-265 से आगे बढ़ी श्रीलंकाई टीम की पहली पारी पर गौर करें तो वह भले ही फॉलोऑन बचाने के लिए 39 रनों के लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और सिर्फ छह ओवरों के भीतर 290 रनों पर जा सिमटी। लेकिन इस दौरान 25 वर्षीय स्थानीय बल्लेबाज दिनुशा पिछली शाम के 85 रनों के निजी स्कोर से आगे बढ़ते हुए गॉल टेस्ट की पहली पारी के बाद यहां भी शतक जड़ने में सफल हो गए। उन्होंने 86वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा पर चौके से अपने पांचवें टेस्ट में दूसरा शतक पूरा किया।

प्रथम प्रवेशी ऑफ स्पिनर सारांश ने झटके दिनुशा सहित अंतिम दोनों विकेट

वहीं भारतीय दृष्टिकोण से देखें तो 33 वर्ष की उम्र में पदार्पण करने वाले इंदौर के ऑफ स्पिनर सारांश जैन (2-69) की भी बोहनी हो गई और उन्होंने दिनुशा सहित अंतिम दोनों विकेट लेकर मेजबान पारी खत्म की। सारांश ने पहले केशारा नुवांथा (12 रन, 58 गेंद, दो चौके) को प्वॉइंट में ध्रुव जुरेल से कैच करा 57 रनों की भागीदारी तोड़ने के साथ टेस्ट करिअर का पहला विकेट हासिल किया और उनके अगले ओवर में सोनल भी स्लिप में राहुल को कैच थमा बैठे।

कामिल मिसारा व सूरियाबंडारा ने दूसरे विकेट पर जोड़े 58 रन

पहली पारी में 213 रनों पिछड़ने के कारण फॉलोऑन खेलने उतरे श्रीलंका की दूसरी पारी की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही, जब ओपनर लाहिरु उदरा (तीन रन) को मो. सिराज ने चौथे ही ओवर में निबटा दिया। उधर क्रीज पर पांव जमा चुके कामिल मिसारा (32 रन, 39 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) व पासिंदु सूरियाबंडारा ने 58 रनों की साझेदारी कर स्थिति संभाली। हालांकि रवींद्र जडेजा ने लंच (2-83) से पहले मिसारा को पगबाधा आउट किया।

पासिंदु व कामिंदु के बीच तीसरे विकेट पर 115 रनों की भागीदारी

फिलहाल करिअर का दूसरा टेस्ट खेल रहे पासिंदु व कामिंदु ने दूसरे सत्र में भारतीय गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किया। इस क्रम में मेंडिस ने प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद को पुल करते हुए छक्के के साथ 87 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया तो पासिंदु ने भी 78 गेंदों पर अपना लगातार दूसरा पचासा पूरा कर लिया। अंततः प्रसिद्ध ने शॉर्टपिच गेंद पर मेंडिस को कप्तान शुभमन गिल से कैच करा 115 रनों की साझेदारी तोड़ी।

अंतिम सत्र में 9 रनों के भीतर पाबिंधु सहित 3 श्रीलंकाई बल्लेबाज लौटे

सूरियाबंडारा कप्तान धनंजय डीसिल्वा (23 रन, 44 गेंद, एक छक्का, एक चौका) संग चाय (3-199) के लिए लौटे। उस समय श्रीलंकाई टीम को पारी की हार से बचने के लिए 14 रनों की दरकार थी। हालांकि तीसरे सत्र में संभव हुए लगभग एक घंटे के खेल में त्वरित अंतराल पर नौ रनों के भीतर तीन बल्लेबाज लौट गए। 200 का स्कोर पार होने के बाद मानव सुथार ने धनंजय का विकेट निकाला और उनके अगले ओवर में शतक से आठ रन के फासले पर खड़े पासिंदु भी लौट गए। उधर सारांश ने निरोशन डिकवेला (छह रन) को पगबाधा कर दिया।

स्कोर कार्ड

इसके बाद दिनुशा व नुवांथा पहली पारी की भांति फिर जिम्मेदारी संभालने में लगे थे, तभी पानी मध्यांतर के ठीक बाद बारिश आ धमकी और फिर खेल नहीं शुरू हो सका। अब यह देखना दिलचस्प रहेगा कि पांचवें दिन पहले सत्र में दिनुशा व उनके सहयोगी बल्लेबाज मेहमानों को कितनी दूर तक ले जाने में सफल हो पाते हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular