मुंबई, 26 अगस्त। घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को पिछले कारोबारी सत्र के विपरीत धारा बहती दिखी। मंगलवार को शुरुआती गिरावट से उबरने के बाद दोनों मानक सूचकांक अच्छी बढ़त लेकर बंद हुए थे तो आज रिलायंस इंडस्ट्रीज व सूचना प्रौद्योगिकी (IT) कम्पनियों के शेयरों में बिकवाली से बेंचमार्क इंडेक्स लाल निशान पर रुके। बीएसई सेंसेक्स 183 अंक टूटा जबकि एनएसई निफ्टी 127 अंक कमजोर हुआ।
सेंसेक्स 183.15 अंकों की गिरावट से 77,472.94 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 183.15 अंक यानी 0.24 प्रतिशत टूटकर 77,472.94 अंक पर बंद हुआ। पिछली शाम के मुकाबले 236 अंकों की बढ़त लेकर 77,892.10 अंक पर खुले सूचकांक ने कारोबार के दौरान 77,986.84 का उच्चस्तर बनाया जबकि नीचे में 77,472.94 अंक तक गिरा और इसी स्तर पर बंद हुआ। कुल मिलाकर कारोबार के दौरान इसमें 513.9 अंकों का उतार-चढ़ाव रहा। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 13 के शेयर हरे निशान पर रहे तो 17 में गिरावट दिखी।
निफ्टी 126.80 अंक टूटकर 24,207.75 पर बंद
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी पिछली शाम के मुकाबले सात अंक की बढ़त से खुला और 24,378.60 का उच्चस्तर देखा। लेकिन अंत में 126.80 अंक यानी 0.52 प्रतिशत टूटकर सेंसेक्स की भांति दिन के निचले स्तर 24,207.75 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 14 के शेयर चढ़े और 36 में गिरावट दर्ज की गई।
इन्फोसिस के शेयर सबसे ज्यादा 1.94 फीसदी लुढ़के
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में इन्फोसिस के शेयर सबसे ज्यादा 1.94 फीसदी लुढ़के। भारती एयरटेल, लार्सन एंड टुब्रो, पावर ग्रिड, टेक महिंद्रा, एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एक्सिस बैंक और टाटा स्टील शामिल रहे।
एफआईआई ने 1,593.53 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 1,593.53 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। इस बीच वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड में लगातार दूसरे दिन गिरावट दिखी और वह 2.96 प्रतिशत टूटकर 85.96 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।


