पश्चिम बंगाल : शुभेंदु अधिकारी ने राज्यपाल से की मुलाकात, पेश किया सरकार बनाने का दावा
कोलकाता, 8 मई। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार की शाम लोकभवन जाकर राज्यपाल आर.एन. रवि से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा किया पेश। शुभेंदु अधिकारी के साथ भाजपा की प्रदेश इकाई के दिलीप घोष, लॉकेट चटर्जी और तापस रॉय सहित कई शीर्ष नेता भी लोकभवन पहुंचे थे।
बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बनेंगे शुभेंदु
इससे पहले, दिन में शुभेंदु को सर्वसम्मति से भाजपा विधान मंडल दल का नेता चुना गया। दिल्ली से केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में आए गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा विधायक दल की बैठक में शुभेंदु के नाम की घोषणा की। बंगाल के राजनीतिक इतिहास में यह पहला मौका है, जब भाजपा की सरकार बनने जा रही है और भाजपा का कोई नेता मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेगा।

पीएम मोदी सहित एनडीए के दिग्गज नेता शपथ समारोह में होंगे शामिल
मध्य कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ शीर्ष केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा शासित राज्यों के लगभग 20 मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति रहने की संभावना है।
शुभेंदु बोले – सामूहिक नेतृत्व के सिद्धांत पर काम करेगी भाजपा सरकार
इस बीच राज्य के नामित मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य में नई और पहली भाजपा सरकार सामूहिक नेतृत्व के सिद्धांत पर काम करेगी, पार्टी के चुनाव घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को पूरा करेगी और लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए केंद्र के साथ मिलकर काम करेगी।
विधायक दल की बैठक में आने वाली सरकार की प्राथमिकताएं रेखांकित कीं
अमित शाह की उपस्थिति में भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद पार्टी विधायकों को संबोधित करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने आने वाली सरकार की प्राथमिकताएं रेखांकित कीं और कहा कि बंगाल में डर का माहौल खत्म हो गया है और राज्य अब ‘भरोसे’ के दौर की ओर बढ़ेगा। पार्टी विधायकों और समर्थकों की जोरदार तालियों के बीच अधिकारी ने कहा, ‘भय अब खत्म हो गया है और जैसा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने कहा है, भरोसा आ गया है।’
