Site icon hindi.revoi.in

आईपीएल-19 : मार्श के तूफान में उड़े सुपर किंग्स, फिसड्डी LSG ने CSK की प्लेऑफ उम्मीदों को पहुंचाया आघात

Social Share

लखनऊ, 15 मई। टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) 2026 में लगातार दूसरे दिन ऐसा वाकया दिखा, जब प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकीं टीमों ने उन दलों की उम्मीदों को आघात पहुंचाया, जो नॉकआउट दौर में प्रवेश के लिए प्रयासरत हैं। इस क्रम में 24 घंटे पूर्व मुंबई इंडियंस ने जहां पंजाब किंग्स से दो अंक छीने थे वहीं शुक्रवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स (LSG) के लिए ओपनर मिचेल मार्श (90 रन, 38 गेंद, सात छक्के, नौ चौके) तूफान बनकर उभरे, जिनके सामने पांच बार का पूर्व चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) 20 गेंदों के शेष रहते सात विकेट से धराशायी हो गया।

आकाश ने दिए शुरुआती झटके,  कार्तिक के विस्फोटक पचासे से सीएसके 187 रनों तक पहुंचा

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेई इकाना क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य सुपर जाएंट्स को भरतपुर (राजस्थान) के युवा वामहस्त पेसर आकाश सिंह (3-26) से लगे शुरुआती झटकों के बाद भरतपुर के ही युवा बल्लेबाज कार्तिक शर्मा (71 रन, 42 गेंद, पांच छक्के, छह चौके) सहारा मिला। विस्फोटक अर्धशतक जड़ने वाले कार्तिक के साथ डेवाल्ड ब्रेविस (25 रन, 16 गेंद, दो छक्के) व शिवम दुबे (नाबाद 32 रन, 16 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) की आक्रामक पारियां थीं, जिनके सहारे टीम पांच विकेट पर 187 रनों के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।

मार्श, इंग्लिस व पूरन के सहारे लखनऊ ने 20 गेंदों के रहते लक्ष्य पा लिया

फिलहाल जवाबी काररवाई में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ मार्श ने बल्ले से ऐसा गदर मचाया कि विपक्षी गेंदबाजों के होश उड़ गए। मार्श के अलावा जोश इंग्लिस (36 रन, 32 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) व अंत में निकोलस पूरन (नाबाद 32 रन, 17 गेंद, चार छक्के, एक चौका) भी आक्रामक अंदाज दिखाया और लखनऊ ने 16.4 ओवरों में तीन विकेट पर ही 188 रन बनाकर भारी-भरकम जीत हासिल कर ली।

छठी पराजय के बाद छठे स्थान पर फिसला सीएसके

लगातार तीन जीत के बाद पहली और कुल 12 मैचों में छठी हार झेलने वाले सुपर किंग्स के लिए सबसे कष्टप्रद पहलू यह रहा कि उसका नेट रन रेट काफी गिर गया और वह 12 अंकों के बावजूद राजस्थान रॉयल्स (RR) के हाथों पांचवां स्थान गंवाकर छठी पोजीशन पर फिसल गया। अब प्लेऑफ की उम्मीदें जीवंत रखने के लिए उसे बचे दो मैचों में दो अग्रणी टीमों – सनराइजर्स हैदराबाद (SRH, 14 अंक) व गुजरात टाइटंस (GT, 16 अंक) को हराना ही होगा।

वहीं दूसरी ओर एलएसजी 12 मैचों में चौथी जीत से आठ अंकों के सहारे 10वें व अंतिम स्थान पर घिसट रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वह अपने बचे दो मैचों में राजस्थान रॉयल्स (RR) व पंजाब किंग्स (PBKS) को चोट पहुंचाने में कामयाब हो पाता है अथवा नहीं।

मार्श व इंग्लिस के बीच 70 गेंदों पर उड़ गए 135 रन

मुकाबला देखें तो अपेक्षाकृत मुश्किल पिच पर चुनौतीपूर्ण लक्ष्य के सामने मार्श व इंग्लिस की तूफानी शुरुआत से मेहमानों की पेशानी पर बल पड़ गए और मेजबानों की राह आसान हो गई। सिर्फ 70 गेंदों पर दोनों के बीच हुई 135 रनों की विस्फोटक साझेदारी के दौरान पॉवरप्ले में जो 86 रन बने, उनमें 56 रन अकेले मार्श ने जड़ दिए थे।

स्कोर कार्ड

हालांकि मुकेश चौधरी (1-24) ने 12वें ओवर में इंग्लिस को लौटाकर खतरनाक भागीदारी तोड़ी तो अगली ही गेंद पर मार्श भी रन आउट हो गए जबकि अगले ओवर में अब्दुल समद (सात रन, तीन गेंद, एक छक्का) प्रथम प्रवेशी स्पेंसर योहांसन (1-39) के शिकार हो गए।

पूरन ने कम्बोज पर लगातार 4 छक्के उड़ाकर जीत सुनिश्चित की

लेकिन पूरन ने रौद्र रूप दिखाया। उन्होंने मुकुल चौधरी (नाबाद 13 रन, 10 गेंद, दो चौके) संग 20 गेंदों पर अटूट 44 रन ठोक दिए और 17वें ओवर में अंशुल कम्बोज की पहली चार गेंदों पर छक्के जड़ते हुए दल की प्रभावशाली जीत पर अंतिम मुहर लगा दी। इस प्रहार के बीच कम्बोज (2.4-0-63-0) के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड भी जुड़ गया, जो 23.6 औसत के साथ आईपीएल इतिहास में कम से कम दो ओवर गेंदबाजी करने वाले सबसे खर्चीले गेंदबाज बन गए।

आकाश के सामने संजू सहित 3 शीर्ष बल्लेबाज 52 रनों के भीतर लौटे

इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही, जब आकाश ने अपने लगातार ओवर में विकेट लिए और शुरुआती 7.2 ओवर में 52 रनों पर कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (13 रन, नौ गेंद, दो चौके), संजू सैमसन (20 रन, 20 गेंद, तीन चौके) व उर्विल पटेल (छह रन, सात गेंद, एक चौका) के रूप में शीर्ष तीन बल्लेबाज निकल गए (3-52)। इस क्रम में पॉवरप्ले के दौरान सिर्फ 36 रन जुड़ सके थे।

कार्तिक ने ब्रेविस संग 44 गेंदों पर ठोके 70 रन

फिलहाल इसके बाद 20 वर्षीय युवा बल्लेबाज कार्तिक शर्मा ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने डेवाल्ड ब्रेविस के साथ चौथे विकेट के लिए 44 गेंदों पर 70 रनों की साझेदारी कर दी। मो. शमी (1-41) ने 15वें ओवर में ब्रेविस को आउट कर साझेदारी तोड़ी तो शहबाज अहमद (1-45) ने अगले ओवर में कार्तिक को रोका। लेकिन अंत में शिवम दुबे ने प्रशांत वीर (नाबाद 13 रन, 10 गेंद, एक चौका) संग मिलकर 24 गेंदों पर 45 रन ठोकते हुए टीम को 187 के स्कोर तक पहुंचाया। हालांकि मार्श के तूफान में यह स्कोर नाकाफी साबित हुआ।

शनिवार का मैच : कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम गुजरात टाइटंस (कोलकाता, शाम 7.30 बजे)।

Exit mobile version