ईरान से शांति समझौते को लेकर ट्रंप की घोषणा से झूम उठा शेयर बाजार, सेंसेक्स 1695 अंक चढ़ा, निफ्टी 23600 के पार
मुंबई, 12 जून। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान पर तत्काल हमले रोकने और उसके साथ जल्द ही संभावित शांति समझौते की घोषणा से मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार भी झूम उठा। इस क्रम में कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को दोनों मानक सूचकांक अच्छी-खासी बढ़त लेकर बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स जहां 1,695 अंकों की तेजी से 75,500 से पार पहुंच गया वहीं एनएसई निफ्टी भी 461 अंकों की बढ़त के साथ 23,600 के पार जाकर ठहरा।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार ईरान युद्ध पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सकारात्मक बयान से वैश्विक स्तर पर तनाव कम होने की उम्मीद बढ़ी और कच्चे तेल की कीमतें गिरने से निवेशकों की धारणा मजबूत हुई।
सेंसेक्स 2.30 प्रतिशत उछलकर 75,527.95 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,695.40 अंक यानी 2.30 प्रतिशत उछलकर 75,527.95 अंक पर बंद हुआ। पिछली शाम के मुकाबले लगभग 877 अंकों की मजबूती से खुले सूचकांक ने अंतिम घंटे के कारोबार के दौरान जबर्दस्त छलांग लगाई और एक समय यह 1,775.47 अंक यानी 2.40 प्रतिशत चढ़कर 75,608.02 अंक तक जा पहुंचा था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 27 के स्टॉक लाभ में रहे और सिर्फ तीन में कमजोरी दिखी।
निफ्टी 461.30 अंक बढ़कर 23,622.90 पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 461.30 अंक यानी 1.99 प्रतिशत बढ़कर 23,622.90 पर बंद हुआ। गुरुवार की अपेक्षा 251 अंकों की बढ़त से खुला सूचकांक कारोबार के दौरान 483.75 अंक चढ़कर 23,645.35 तक पहुंच गया था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 38 के शेयर हरे निशान पर रुके तो 12 में गिरावट दर्ज की गई।
व्यापक बाजार में छोटी कम्पनियों का बीएसई स्मालकैप सूचकांक 2.75 प्रतिशत उछल गया जबकि मझोली कम्पनियों का मिडकैप सूचकांक 2.66 प्रतिशत की बढ़त पर रहा।
रियल्टी खंड ने सर्वाधिक 3.55 प्रतिशत की उछाल दर्ज की
सेक्टोरल इंडेक्स पर नजर डालें तो रियल्टी खंड ने सर्वाधिक 3.55 प्रतिशत की उछाल दर्ज की जबकि औद्योगिक खंड में 3.45 प्रतिशत, वित्तीय सेवा खंड में 3.14 प्रतिशत और निजी बैंक सूचकांक में 3.07 प्रतिशत की तेजी रही।
निवेशकों की पूंजी में 9.66 लाख करोड़ की वृद्धि
चौतरफा तेजी के बीच बीएसई में सूचीबद्ध कम्पनियों का कुल बाजार पूंजीकरण 9,66,538.35 करोड़ रुपये बढ़कर 4,62,00,318.80 करोड़ रुपये (4.84 लाख करोड़ डॉलर) पर पहुंच गया। दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों को 9.66 लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ।
बजाज फाइनेंस के स्टॉक में सर्वाधिक 5.56 फीसदी की तेजी
सेंसेक्स के समूह में शामिल कम्पनियों में बजाज फाइनेंस के स्टॉक ने सर्वाधिक 5.56 फीसदी की तेजी देखी। लार्सन एंड टुब्रो, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), टाइटन, इटर्नल और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। वहीं टेक महिंद्रा और पावर ग्रिड ही नुकसान में रहने वाली कम्पनियों में प्रमुख रूप से शामिल रहीं।
ब्रेंट क्रूड 3.98 प्रतिशत गिरकर 86.78 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 1,987.09 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की थी। वहीं सकारात्मक वैश्विक संकेतों से वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 3.98 प्रतिशत गिरकर 86.78 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
