मथुरा, 17 नवम्बर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि ब्रह्मलीन संत रमेश बाबा ने हम सभी को समृद्ध विरासत सौंपी है। उनके जीवन का उद्देश्य लोककल्याण, गोसेवा, गोरक्षा, गोसंरक्षण और गोसंवर्धन था। वह स्वयं भले ही अभाव में रहे, लेकिन उन्होंने अपने जीवन का प्रत्येक कार्य लोककल्याण के लिए समर्पित कर दिया। हम सभी को उनके संकल्पों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करना होगा।
सीएम योगी ने बरसाना स्थित मान मंदिर गोशाला में आध्यात्मिक गुरु और माताजी गोशाला के संस्थापक ब्रह्मलीन संत पद्मश्री रमेश बाबा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने रमेश बाबा के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 12 यूनिट वाले नि:शुल्क डायलिसिस केंद्र का भी शुभारंभ किया।
आज जनपद मथुरा में आयोजित ‘पद्म श्री’, ब्रह्मलीन संत रमेश बाबा जी महाराज के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
ऋषि परंपरा और कृषि परंपरा के मध्य सेतु का कार्य हमारी गोमाता करती हैं। पूज्य रमेश बाबा जी ने अपना संपूर्ण जीवन गोसेवा, गोसंरक्षण, गोरक्षा एवं गोसंवर्धन के संकल्प को समर्पित किया।
इस अवसर पर श्री माताजी गोशाला स्थित नवनिर्मित आधुनिक डायलिसिस सेंटर का उद्घाटन भी हुआ।
उनकी पावन स्मृतियों को नमन।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 17, 2026
गोमाता ऋषि और कृषि परंपरा के बीच सेतु : सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति ऋषि और कृषि प्रधान रही है। ऋषि परंपरा और कृषि परंपरा के बीच गोमाता सेतु का काम करती हैं। उन्होंने रमेश बाबा के अनुयायियों और शिष्यों से उनके संकल्पों को आगे बढ़ाने तथा उन्हें पूरा करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार इस दिशा में उनके साथ कदम से कदम मिलाकर काम करेगी।
गोशाला में हजारों गायों की हो रही देखभाल
योगी आदित्यनाथ ने भारतीय संस्कृति और ऋषि परंपरा का उल्लेख करते हुए गोमाता के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि करीब 9-10 वर्ष पहले जब वह यहां आए थे, तब भी ट्रस्ट के माध्यम से हजारों गायों की देखभाल की जा रही थी। उस समय रमेश बाबा ने कुछ प्रकल्पों की चर्चा की थी, जो आज भी यहां संचालित हो रहे हैं।
जनपद मथुरा में ‘पद्म श्री’, ब्रह्मलीन संत रमेश बाबा जी महाराज को श्रद्धांजलि हेतु आयोजित कार्यक्रम में…
https://t.co/MtwXTcXx18
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 17, 2026
सूखी पहाड़ियों पर लौटी हरियाली
सीएम योगी ने कहा कि करीब 10 वर्ष पहले इस क्षेत्र में केवल सूखी पहाड़ियां दिखाई देती थीं, जबकि आज यहां हरियाली नजर आती है। इस पवित्र स्थल के दर्शन से विशेष आध्यात्मिक अनुभूति होती है। गोमाता पूरे क्षेत्र को तीर्थस्थल बना देती हैं। उन्होंने कहा कि गोशाला ट्रस्ट से जुड़े क्षेत्र में दिखाई देने वाली हरियाली और आध्यात्मिक वातावरण रमेश बाबा के प्रयासों और उनके संकल्पों की झलक प्रस्तुत करते हैं।


