नई दिल्ली, 15 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने झारखंड की जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक संपदा और ऐतिहासिक विरासत की सराहना करते हुए भगवान बिरसा मुंडा की वीरता और बलिदान को याद किया। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रदेश के मेहनती और प्रतिभाशाली लोगों के संकल्प और सामर्थ्य से झारखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में लिखा कि झारखंड जनजातीय गौरव, सांस्कृतिक विविधता और प्राकृतिक संपदा का अनूठा संगम है। यहां के घने वन, मनोरम जलप्रपात और ऐतिहासिक स्थल प्रदेश की विशिष्ट पहचान को समृद्ध करते हैं। भगवान बिरसा मुंडा की वीरता और बलिदान की गाथाएं यहां की परंपराओं को निरंतर प्रेरणा देती रहेंगी। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि खनिज और ऊर्जा से लेकर हस्तशिल्प और पर्यटन तक झारखंड में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कामना की कि यह विशेष अवसर प्रदेश के सभी लोगों के जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।
राजनाथ सिंह बोले- अन्याय के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा देते रहेंगे बिरसा मुंडा
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि धरती आबा का जीवन अदम्य साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण की अनुपम गाथा है। उन्होंने अंग्रेजी शासन के शोषण और अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद की तथा जनजातीय समाज की अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया।
राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 से 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत हुई। यह देश के जनजातीय नायकों के अतुलनीय योगदान को राष्ट्रीय पहचान और सम्मान देने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा के आदर्श आने वाली पीढ़ियों को अन्याय के खिलाफ खड़े होने, अपनी संस्कृति पर गर्व करने और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देते रहेंगे।
अमित शाह ने किया नमन, उलगुलान आंदोलन को किया याद
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और देशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। अमित शाह ने एक्स पर लिखा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज में स्वाभिमान और चेतना जगाई। उन्होंने अपनी संस्कृति और मातृभूमि की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उलगुलान आंदोलन के माध्यम से क्रांति का बिगुल फूंका। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जीवनगाथा आज भी राष्ट्रहित में संगठित रहने, त्याग और समर्पण की प्रेरणा देती है।


