1. Home
  2. कारोबार
  3. शेयर बाजार ने गंवाई शुरुआती बढ़त, सेंसेक्स 161 अंक फिसला, निफ्टी 46 अंक कमजोर
शेयर बाजार ने गंवाई शुरुआती बढ़त, सेंसेक्स 161 अंक फिसला, निफ्टी 46 अंक कमजोर

शेयर बाजार ने गंवाई शुरुआती बढ़त, सेंसेक्स 161 अंक फिसला, निफ्टी 46 अंक कमजोर

0
Social Share

मुंबई, 15 मई। मध्य पूर्व में जारी संकट के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगातार कमजोर होते रुपये व बढ़ती महंगाई के कारण भारतीय शेयर बाजार भी अस्थिरता की राह पकड़ चुका है। इस क्रम में पिछले दो दिनों की तेजी के बाद कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को दोनों मानक सूचकांकों ने शुरुआती बढ़त गंवा दी और गिरावट के साथ बंद हुए।

दरअसल, धातु, तेल एवं गैस व पीएसयू बैंक शेयरों में बिकवाली और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच निवेशकों में सतर्कता देखी गई। इसका नतीजा यह हुआ कि दिन की बढ़त कारोबारी सत्र की समाप्ति तक नुकसान में बदल गई। बीएसई सेंसेक्स जहां लगभग 161 अंक फिसल गया वहीं एनएसई निफ्टी 46 अंक कमजोर हुआ।

भारत में पेट्रोल व डीजल की कीमतें बढ़ीं

उल्लेखनीय है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही को लेकर ईरान व अमेरिका के बीच जारी रस्साकसी के कारण वैश्विक बाजार मे तेल संकट लगातार बरकरार है। इसी क्रम में भारत में सरकारी तेल विपणन कम्पनियों ने शुक्रवार को पेट्रोल व डीजल की कीमतों में तीन-तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी जबकि सीएनजी कीमतों में दो रुपये प्रति किलो की वृद्धि हुई है।

सेंसेक्स 75,237.99 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स उतार-चढ़ाव के बीच 160.73 अंक यानी 0.21 प्रतिशत गिरकर 75,237.99 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 471.64 अंकों की बढ़त से 75,870.36 अंक तक पहुंचा था। लेकिन बाद में बिकवाली के दबाव में यह नीचे आ गया। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 14 के शेयर चढ़कर बंद हुए और 16 में गिरावट रही।

निफ्टी 23,643.50 पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का मानक सूचकांक निफ्टी 46.10 अंक यानी 0.19 प्रतिशत गिरकर 23,643.50 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक एक समय 149.70 अंक चढ़कर 23,839.30 अंक तक जा पहुंचा था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 22 के स्टॉक हरे निशान पर रुके तो 28 में कमजोरी रही।

टाटा स्टील के शेयर सबसे ज्यादा 1.97 फीसदी गिरे

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में टाटा स्टील के शेयर सबसे ज्यादा 1.97 फीसदी गिरे। भारतीय स्टेट बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, अल्ट्राटेक सीमेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, लार्सन एंड टुब्रो, ट्रेंट, एक्सिस बैंक और एशियन पेंट्स के शेयरों में गिरावट रही। दूसरी तरफ, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, पावरग्रिड, अदाणी पोर्ट्स, मारुति सुजुकी, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर और सन फार्मा में बढ़त दर्ज की गई।

रुपया पहली बार 95.94 प्रति डॉलर (अस्थायी) के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद

इस बीच, रुपया पहली बार 96 के स्तर के नीचे फिसल गया और 95.94 प्रति डॉलर (अस्थायी) के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ। वहीं अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड तीन प्रतिशत से अधिक चढ़कर 109.23 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। उधर विदेशी संस्थागत निवेशकों ने गुरुवार को 187.46 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 684.33 करोड़ रुपये का निवेश किया।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code