शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच लगातार दूसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 243 टूटा, निफ्टी 64 अंक कमजोर

मुंबई, 29 सितम्बर। पश्चिम एशिया में अनिश्चितता के बीच कच्चे तेल के दाम में तेजी और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की पूंजी निकासी के चलते भारतीय शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट देखने को मिली।

हालांकि उतार-चढ़ाव के बीच मध्याह्न बाद कुछ भरपाई हुई और दोनों बेंचमार्क इंडेक्स लगातार दूसरे दिन बड़ी गिरावट से कुछ हद तक बचे। फिर भी, बीएसई सेंसेक्स जहां 243 अंकों के नुकसान में रहा वहीं एनएसई निफ्टी ने 64 अंकों की कमजोर देखी।

सेंसेक्स 72,529.07 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 242.65 अंक यानी 0.33 प्रतिशत टूटकर 72,529.07 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 707.72 अंकों की गिरावट के साथ 72,064 अंक तक जा फिसला था। हालांकि दिन के निचले स्तर से इसने 465 अंकों की भरपाई की। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 18 के शेयर लाल निशान पर रुके तो 12 में मजबूती रही।

निफ्टी 22,716.20 अंक पर बंद

उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 64.05 अंक यानी 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,716.20 अंक पर बंद हुआ, जो एक समय 210 अंकों की गिरावट से 22,569.65 तक जा गिरा था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 17 के शेयर हरे निशान पर रुके तो 32 में गिरावट दर्ज की गई।

टाइटन का स्टॉक सबसे ज्यादा 2.72 फीसदी गिरा

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में टाइटन का स्टॉक सबसे ज्यादा 2.72 फीसदी गिरा। एचसीएल टेक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, अल्ट्राटेक सीमेंट, हिन्दुस्तान यूनिलीवर और टेक महिंद्रा में भी प्रमुख रूप से नुकसान देखने को मिला। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में अदाणी पोर्ट्स, सन फार्मा, टाटा स्टील और कोटक महिंद्रा बैंक शामिल हैं।

एफआईआई ने 5353.22 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 5,353.22 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 105.1 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular