तेल की बढ़ती कीमतों और अमेरिका-ईरान तनाव से शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 121 अंक टूटा

मुंबई, 1 सितंबर। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और अमेरिका-ईरान के बीच नए सिरे से बढ़े तनाव का असर मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों पर देखने को मिला। निवेशकों की धारणा कमजोर रहने से शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों गिरावट में रहे। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 121.48 अंक टूटकर 76,835.79 अंक पर आ गया। वहीं, एनएसई निफ्टी 52.6 अंक की गिरावट के साथ 24,027.80 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में बजाज फिनसर्व, इंटरग्लोब एविएशन, टाइटन, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फाइनेंस और एक्सिस बैंक के शेयरों में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई। इसके विपरीत आईटीसी, एचसीएल टेक, भारती एयरटेल और इंफोसिस के शेयर बढ़त में कारोबार करते नजर आए।

एशियाई बाजारों में भी कमजोर रुख रहा। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में कारोबार कर रहे थे, जबकि चीन का एसएसई कंपोजिट बढ़त में रहा। इससे पहले अमेरिकी बाजार सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.76 प्रतिशत बढ़कर 91.22 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी को बाजार के लिए चिंता का कारण माना जा रहा है, क्योंकि इससे कंपनियों की लागत और महंगाई पर दबाव बढ़ सकता है।

विदेशी निवेशकों की बिकवाली ने भी बाजार पर दबाव बढ़ाया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 7,985.88 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। इससे पहले सोमवार को सेंसेक्स 307.24 अंक और निफ्टी 95.25 अंक की गिरावट के साथ बंद हुए थे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular