नई दिल्ली, 1 सितंबर। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारत की 7.8 प्रतिशत GDP वृद्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि देश की सामूहिक शक्ति, संकल्प और मेहनत का परिणाम है। प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया कई संकटों से घिरी हुई है, इसके बावजूद भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 7.8 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि से देश खुशियों से भर गया है। उन्होंने देशवासियों को उनकी संकल्प शक्ति और पुरुषार्थ के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह आंकड़ा किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि देश की सामूहिक शक्ति का प्रतिबिंब है।
दुनिया संकटों से घिरी, फिर भी भारत की रफ्तार तेज
पीएम मोदी ने वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में युद्ध चल रहे हैं और लगातार संघर्ष की खबरें सामने आ रही हैं। विश्व कई तरह के संकटों से घिरा हुआ है और वैश्विक सप्लाई चेन भी प्रभावित हुई है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 के कोविड काल से लेकर अब तक दुनिया में स्थिरता का अभाव रहा है। इसके बावजूद भारत तेज गति से प्रगति कर रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन तमाम चुनौतियों को पार करते हुए देश ने 7.8 प्रतिशत GDP ग्रोथ हासिल की है।
‘गति को बनाए रखना होगा’
प्रधानमंत्री ने कहा कि अब देश को विकास की इस रफ्तार को बनाए रखना होगा। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत को इसके लिए जरूरी बताते हुए ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेड इन इंडिया’ पर जोर दिया।
पीएम मोदी ने देशवासियों से स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और जरूरत के मुताबिक ही विदेशी वस्तुओं की खरीद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता की दिशा में जितना अधिक जोर दिया जाएगा, उतना ही भारत को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
विदेश में शादी और अनावश्यक खरीदारी से बचने की अपील
पीएम मोदी ने कहा कि देशवासियों को स्वदेशी को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने विदेशों में घूमने-फिरने और शादी-ब्याह जैसे आयोजनों पर होने वाले खर्च का जिक्र करते हुए देश में ही ऐसे कार्यक्रम करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यदि देशवासी स्वदेशी और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता देंगे तो आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक युवा पीढ़ी को विकसित भारत सौंपने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
‘युवा पीढ़ी के सपनों को साकार करके रहेंगे’
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की युवा पीढ़ी के सपनों को आज के परिश्रम से साकार किया जाएगा। उन्होंने देशवासियों से विकास की यात्रा में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
पीएम मोदी ने कहा कि देश की नीतियां सही दिशा में हैं और 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक शक्ति भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही है। उन्होंने लोगों से इस उपलब्धि की खुशी मनाने के साथ नए संकल्प लेने और उन्हें पूरा करने के लिए मिलकर आगे बढ़ने की अपील की।


