UP Home Guard : होमगार्ड जवानों को योगी सरकार की सौगात, परिवार को मिलेगा 5 लाख तक कैशलेस इलाज

लखनऊ, 28 नवंबर, UP Home Guard : उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने होमगार्ड जवानों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा की बड़ी सौगात दी है। प्रदेश सरकार होमगार्ड्स स्वयंसेवकों, अवैतनिक अधिकारियों और उनके आश्रितों को हर साल पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस व्यवस्था को अब ‘मुख्यमंत्री होमगार्ड्स कैशलेस चिकित्सा योजना’ नाम दिया है।

इस योजना से गंभीर बीमारियों के इलाज के दौरान होमगार्ड जवानों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी।होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक परिवार को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें होमगार्ड्स स्वयंसेवक, अवैतनिक अधिकारी और उनके आश्रित शामिल होंगे।

सरकारी और संबद्ध निजी अस्पतालों में मिलेगा इलाज

मंत्री धर्मवीर प्रजापति के मुताबिक, योजना का संचालन स्टेट एजेंसी फॉर कम्प्रिहेंसिव हेल्थ इंटीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) के माध्यम से किया जाएगा। इसके तहत आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत आने वाले राजकीय अस्पतालों और साचीज से संबद्ध निजी अस्पतालों में उपचार की सुविधा मिलेगी।

इस व्यवस्था का उद्देश्य होमगार्ड जवानों और उनके परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज के दौरान होने वाले बड़े खर्च से बचाना है। कैशलेस सुविधा मिलने से पात्र लाभार्थियों को इलाज के लिए तत्काल अपनी जेब से बड़ी रकम खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

सेवा समाप्त होते ही खत्म हो जाएगी सुविधा

राज्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री होमगार्ड्स कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ केवल होमगार्ड्स के सेवाकाल तक ही मिलेगा। संबंधित व्यक्ति की सेवा समाप्त होने के बाद वह इस सुविधा का पात्र नहीं रहेगा। ऐसे लाभार्थियों को जारी किए गए आयुष्मान कार्ड भी निरस्त कर दिए जाएंगे। धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि प्रदेश सरकार होमगार्ड जवानों के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इस योजना से ड्यूटी के दौरान जवानों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिल सकेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular