भोपाल, 28 नवंबर। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की हवाई यात्रा के दौरान सुरक्षा और प्रोटोकॉल में चूक का आरोप लगा है। मामला 23 नवंबर 2026 का है, जब शिवराज सिंह चौहान भोपाल एयरपोर्ट से इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-6259 से यात्रा कर रहे थे। आरोप है कि फ्लाइट संख्या समान रहने के बावजूद विमान और सीट में बदलाव किया गया, लेकिन इसकी सूचना मंत्री के कार्यालय और संबंधित सुरक्षा अधिकारियों को समय पर नहीं दी गई। केंद्रीय मंत्री के OSD भूपेन्द्र सिंह परस्ते ने इस मामले में नागरिक उड्डयन मंत्रालय को पत्र लिखकर शिकायत की है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों की कथित लापरवाही की जांच कराने और कार्रवाई करने की मांग की है।
- प्रोटोकॉल स्टाफ की अनुपस्थिति से हुई परेशानी
OSD की शिकायत के मुताबिक, भोपाल एयरपोर्ट पहुंचने पर संबंधित ATM सिद्धार्थ यादव और प्रोटोकॉल स्टाफ मौजूद नहीं थे। इसके चलते केंद्रीय मंत्री की रिसीविंग और लगेज प्रबंधन में परेशानी हुई। आरोप है कि यात्रा से पहले CISF के लाइजन अधिकारी, एयरपोर्ट प्रशासन, इंडिगो के अधिकारियों और प्रोटोकॉल स्टाफ को इसकी सूचना दे दी गई थी।
-
सुरक्षा जांच के दौरान सहयात्रियों को रोका
शिकायत में कहा गया है कि सुरक्षा जांच और बोर्डिंग के दौरान शिवराज सिंह चौहान के साथ यात्रा कर रहे लोगों को रोककर पूछताछ की गई। इससे अनावश्यक देरी और असुविधा हुई। इसके अलावा अन्य यात्रियों के विमान में बैठने से पहले ही केंद्रीय मंत्री को एयरोब्रिज की ओर ले जाया गया। उस समय एयरोब्रिज पर यात्रियों की भीड़ थी, जिसके कारण उन्हें बीच रास्ते में इंतजार करना पड़ा।
- OSD ने पत्र में क्या लिखा?
भूपेन्द्र सिंह परस्ते ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को लिखे पत्र में बताया कि केंद्रीय मंत्री के सुरक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह ठाकुर ने यात्रा के दौरान हुई अव्यवस्थाओं की जानकारी दी थी। पत्र में कहा गया है कि विमान और सीट में बदलाव की जानकारी समय रहते नहीं दी गई। प्रोटोकॉल स्टाफ की अनुपस्थिति, सहयात्रियों से पूछताछ और भीड़भाड़ वाले एयरोब्रिज पर मंत्री को रोकने जैसी घटनाओं को शिकायत में सुरक्षा एवं बोर्डिंग प्रोटोकॉल के प्रतिकूल बताया गया है। OSD ने इन घटनाओं को संबंधित अधिकारियों की गंभीर लापरवाही बताते हुए जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, इस मामले में अभी तक एयरपोर्ट प्रशासन, CISF और इंडिगो की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
- नीतीश कुमार की सुरक्षा में भी सामने आई थी चूक
मार्च 2026 में बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा व्यवस्था में भी चूक का मामला सामने आया था। उस दौरान उनके हेलीपैड क्षेत्र में एक सांड घुस गया था और वहां उत्पात मचाने लगा था। सांड को बाहर खदेड़ने में पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी।


