महिला एशिया कप : स्मृति मंधाना के नाम सर्वाधिक रनों का विश्व रिकॉर्ड, हांगकांग पर बड़ी जीत से भारत सेमीफाइनल में

दुबई, 3 सितम्बर। भारत की दिग्गज महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना ने गुरुवार को यहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में नए अध्याय का सृजन किया, जब उन्होंने सर्वाधिक रनों के विश्व रिकॉर्ड पर अपना नाम लिखा लिया।

मंधाना ने शतकीय प्रहार से मिताली राज का रिकॉर्ड तोड़ा

वामहस्त बल्लेबाज स्मृति ने दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में हांगकांग के खिलाफ महिला एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के ग्रुप ए मैच में ताबड़तोड़ शतकीय प्रहार (124 रन, 64 गेंद, सात छक्के, 14 चौके) के दौरान यह ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की। इस क्रम में उन्होंने भारतीय दिग्गज मिताली राज के लंबे समय से कायम रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।

हरमनप्रीत की टीम ने हांगकांग को 137 रनों से रौंदा

ओपनर मंधाना के इस रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन से हरमनप्रीत कौर एंड कम्पनी ने कमजोर हांगकांग को 137 रनों से रौंद कर रख दिया और लगातार दूसरी जीत से सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया। पहले बल्लेबाजी को बाध्य भारत ने उप कप्तान मंधाना के दूसरे टी20 शतक से 20 ओवरों में 193 रनों का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में हांगकांग की टीम 16.2 ओवरों में 56 रनों पर बिखर गई।

दरअसल, हांगकांग के खिलाफ मुकाबले में उतरने से पहले मंधाना को मिताली राज का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 113 रनों की जरूरत थी। मिताली के नाम महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में 10,868 रन दर्ज थे। स्मृति ने इस चुनौती को बेहद आक्रामक अंदाज में पूरा किया।

देखा जाए तो यह उपलब्धि स्मृति के शानदार और लगातार बेहतरीन प्रदर्शन का एक और बड़ा प्रमाण है। भारतीय टीम की सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल मंधाना ने तीनों प्रारूपों में टीम के लिए कई यादगार पारियां खेली हैं और अब उनके नाम महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन जड़ने का विश्व कीर्तिमान भी दर्ज हो गया है।

महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शीर्ष पांच स्कोरर

  • 10869 – स्मृति मंधाना (भारत)।
  • 10868 – मिताली राज (भारत)।
  • 10740 – सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड)।
  • 10273 – शार्लेट एडवर्ड्स (इंग्लैंड)।
  • 10007 – स्टेफनी टेलर (वेस्टइंडीज)।

दीप्ति एंड कम्पनी ने हांगकांग को 56 रनों पर बिखेरा

मुकाबले पर गौर करें 194 रनों के कठिन लक्ष्य के समक्ष हांगकांग ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए और ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा (3-9), पेसर नंदनी शर्मा (2-6), वामहस्त स्पिनर श्री चरणी (2-16) व लेग स्पिनर प्रेमा रावत (2-12) के सामने पूरी टीम 16.2 ओवरों तक ही खिंच सकी। इस दौरान कप्तान नताशा माइल्स (15 रन, 27 गेंद, एक चौका), मरीना लैमप्लॉ (14 रन, 15 गेंद, तीन चौके) व यास्मीन दासवानी (11 रन, 23 गेंद, एक चौका) दहाई में पहुंच सकीं। अंतिम छह बल्लेबाज तो सिर्फ चार रनों के भीतर लौट गईं।

स्कोर कार्ड

इसके पूर्व भारतीय पारी में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ स्मृति को छोड़ अन्य बल्लेबाज बड़ी पारियां खेलने में असफल रहीं। लेकिन मंधाना ने खुद ही कमान संभाल रखी थी। मंधाना ने सलामी जोड़ीदार शेफाली वर्मा (28 रन, 17 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) संग 48 गेंदों पर 74 रन जोड़े और उसके बाद अन्य बल्लेबाजों संग उपयोगी भागीदारियां करने के साथ अंतिम ओवर में आउट हुईं।

भारत का अगला मैच 5 सितम्बर को पाकिस्तान से होगा

रिकॉर्ड सात बार का चैम्पियन भारत चार टीमों के ग्रुप ए में दो मैचों से चार अंक लेकर शीर्ष पर है। वहीं पाकिस्तान के खाते में भी एक मैच से दो अंक हैं। थाईलैंड अपने तीनों मैच खेलकर दो अंक जुटा सका और तीसरे स्थान पर है जबकि हांगकांग की यह लगातार दूसरी पराजय थी। भारत का अंतिम लीग मैच पांच सितम्बर को पाकिस्तान से होना है।

अंक तालिका

उधर ग्रुप बी में गत चैम्पियन श्रीलंका, जिसने दो वर्ष पूर्व घरेलू मैदान पर भारत को हराकर पहली बार चैम्पियन का श्रेय अर्जित किया था, दो मैचों में चार अंक लेकर शीर्ष पर है जबकि बांग्लादेश एक मैच से दो अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। प्रथम प्रवेशी इंडोनेशिया का दो मैचों में खाता नहीं खुल सका है। मेजबान यूएई को भी अपने पहले मैच में श्रीलंका से मात खानी पड़ी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular