एशियाई खेल : पीवी सिंधु, आयुष व उन्नति अंतिम 16 में, लक्ष्य दूसरे दौर में परास्त

नागोया, 26 सितम्बर। दो बार की ओलम्पिक पदक विजेता पीवी सिंधु और युवा शटलर आयुष शेट्टी व उन्नति हुड्डा ने शनिवार को यहां एशियाई खेलों की बैडमिंटन स्पर्धा के क्रमशः महिला एवं पुरुष एकल पूर्व क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।

लेकिन पुरुष एकल में देश के शीर्षस्थ शटलर लक्ष्य सेन दूसरे दौर में ही पराजय के साथ बाहर हो गए। इससे एक दिन पहले गत चैम्पियन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी पुरूष युगल के पहले दौर में ही हार गए थे।

इचिनोमिया सिटी म्यूनिसिपल जिम्मेजियम के कोर्ट नंबर एक पर दूसरे दौर का मैच खेलने उतरीं मौजूदा विश्व नंबर 11 व इस वर्ष की जापान ओपन चैम्पियन सिंधु ने चीनी ताइपे की विश्व की 17वें नंबर की खिलाड़ी चियू पिन चियान को 21-19 21-14 से हराया। पहले दौर में बाई हासिल करने वाली सिंधु का अगला मुकाबला जापान की टोमोका मियाजाकी से होगा।

वहीं पुरुष एकल में कोर्ट नंबर दो पर आयुष ने कजाखस्तान के मखसुत ताजिबुल्लायेव को 21-7 21-7 से हराया। उनका अब चीनी ताइपे के तीसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी चाउ तिएन चेन से सामना होगा।

सिंधु व आयुष के विपरीत महिला एकल में उन्नति हुडा को तीन गेमों तक संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने मलेशिया की लिंग चिंग वोंग को 21-14, 20-22, 21-19 से हराकर अंतिम 16 का टिकट कटाया। तीन बीडब्ल्यूएफ सुपर 100 खिताब जीत चुकीं उन्नति का अब इंडोनेशिया की छठी वरीयता प्राप्त पुत्री कुसुमा वरदानी से मुकाबला होगा।

इससे पहले लक्ष्य को सिंगापुर के पूर्व विश्व चैम्पियन लोह कीन यू से तीन गेमों में हार का सामना करना पड़ा। दुनिया के 14वें नंबर के खिलाड़ी सेन को 13वीं रैंकिंग वाले 2021 के विश्व चैम्पियन ने 21-12, 15-21, 21-14 से मात दी।

सेन ने 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था और पेरिस ओलम्पिक में चौथे स्थान पर रहे। लेकिन एशियाई खेलों के व्यक्तिगत वर्ग में उन्हें फिर मायूस होना पड़ा। वह हांगझू में टीम स्पर्धा का रजत और यहां कांस्य पदक जीतने वाली पुरुष टीम का हिस्सा बने।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular