निर्वाचन आयोग के खिलाफ विपक्ष एकजुट : 30 सितम्बर को दिल्ली में विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. की बैठक

नई दिल्ली, 26 सितम्बर। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) की कार्य प्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विभिन्न पहलुओं को लेकर EC के भीतर कथित मतभेद की खबरें सामने आने के बाद चिंतित विपक्षी दलों ने एकजुटता प्रदर्शित की है और बताया जा रहा है कि इन्हीं मुद्दों को लेकर 30 सितम्बर को राष्ट्रीय राजधानी में विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. की बैठक हो सकती है।

सूत्रों ने बताया कि विपक्षी दल इस मुद्दे पर एक-दूसरे के संपर्क में हैं और संयुक्त रूप से प्रतिक्रिया के लिए विचार-विमर्श कर रहे हैं। कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और भाकपा (माले)-लिबरेशन ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

कांग्रेस ने कहा है कि ज्ञानेश कुमार को त्यागपत्र देकर इस मामले में सरकारी गवाह बन जाना चाहिए। कांग्रेस कार्य समिति (CWC) 29 सितम्बर को बैठक कर इस मुद्दे पर अपनी रणनीति पर चर्चा करेगी। पश्चिम बंगाल में राजनीतिक रूप से प्रतिद्वंद्वी ममता तृणमूल कांग्रेस और माकपा को भी निर्वाचन आयोग के मुद्दे पर एक साथ ला दिया है।

ममता बनर्जी ने राहुल गांधी को भेजा संदेश

इस बीच पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हुगली जिले के श्रीरामपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को संदेश भेजकर कहा है कि विपक्षी दलों को साथ बैठकर चर्चा करनी चाहिए। ममता ने कहा, ‘मैंने राहुल गांधी को संदेश भेजकर कहा है कि हमें साथ बैठना चाहिए। विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. की बैठक 30 सितम्बर को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होने की संभावना है।’

ममता बनर्जी ने माकपा महासचिव एमए बेबी से भी बातचीत की। एम ए बेबी ने इस घटनाक्रम पर चर्चा के लिए इंडी गठबंधन और अन्य विपक्षी नेताओं को पत्र लिखकर बैठक बुलाने का अनुरोध किया था। इसके बाद उन्होंने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बात की थी।

इसी कड़ी में विपक्षी दल ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए संसद के दोनों सदनों में प्रस्ताव लाने के लिए नई नोटिस देने की तैयारी में हैं। विपक्ष की ओर से कुमार को हटाने के लिए किया जाने वाला यह तीसरा प्रयास होगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular