आनंद चंदोला मीडिया खेल महोत्सव : संतोष, संदीप व रावत को शतरंज में संयुक्त अग्रता
वाराणसी, 11 जनवरी। आनंद चंदोला मीडिया खेल महोत्सव के दूसरे चरण में शनिवार से यहां पराड़कर स्मृति भवन के ईश्वर चंद्र सिन्हा बहुद्देशीय सभागार में 37वीं दीनानाथ गुप्त स्मृति बैडमिंटन, विश्वनाथ सिंह दद्दू स्मृति टेबल टेनिस, कैरम व शतरंज प्रतियोगिताएं शुरू हुईं।
शतरंज : काशी पत्रकार संघ से संचालित वाराणसी प्रेस क्लब के बैनर तले आयोजित तीन दिवसीय मीडिया खेल महोत्सव में संतोष चौरसिया, संदीप गुप्ता और कृष्ण बहादुर रावत ने शतरंज में दो दौर के बाद दो-दो अंक लेकर संयुक्त बढ़त बना रखी है। आर. संजय, चंदन रूपानी, ओपी चौधरी और पंकज त्रिपाठी संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। शतरंज मुकाबलों में विजय कुमार और दिनेश पाठक ने रेफरी का दायित्व निभाया।
कैरम : अंतिम 8 की लाइनअप तय
उधर कैरम में क्वार्टर फाइनल की लाइनअप तय हो गई। गत विजेता संदीप गुप्ता ने चंद्रप्रकाश, सुनील शुक्ला ने नीलाम्बुज तिवारी, चंदन रूपानी ने सुशील मौर्या, आर संजय ने डॉ. अत्रि भारद्वाज, पंकज त्रिपाठी ने सागर यादव, रवींद्र त्रिपाठी ने अमित खन्ना, शैलेश चौरसिया ने अरुण मालवीय तथा रोहित चतुर्वेदी ने अरविंद्र मिश्र को हरा कर अंतिम आठ में प्रवेश किया। अंतरराष्ट्रीय रेफरी रमेश वर्मा की देखरेख में राष्ट्रीय अम्पायरों – अश्वनी चक्रवाल, अभिषेक विश्वकर्मा, रवि आर्या और शोएब रजा ने कैरम में निर्णायक की भूमिका निभाई।
बैडमिंटन : गत चैम्पियन प्रशांत अंतिम आठ में
बैडमिंटन के एकल मुकाबलों में भी दो दौर के बाद क्वार्टर फाइनल लाइनअप स्पष्ट हो गई। गत चैम्पियन प्रशांत मोहन, नीलाम्बुज तिवारी, संदीप शुक्ला, पंकज त्रिपाठी, चंदन रूपानी, योगेश गुप्त, नितेश सिंह व संदीप गुप्ता ने अंतिम आठ में प्रवेश किया।
इसके पूर्व शहर के जाने-माने समाजसेवी संजय जैन ने दीप प्रज्ज्वलन कर तीन दिवसीय मीडिया खेल महोत्सव का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वस्थ रहने के लिए इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होते रहना चाहिए।
काशी पत्रकार संघ के अध्यक्ष डॉ॰ अत्रि भारद्वाज, वाराणसी प्रेस क्लब के मंत्री विनय शंकर सिंह एवं कोषाध्यक्ष संदीप गुप्ता ने मुख्य अतिथि संजय जैन व यूपी कैरम संघ के अध्यक्ष बैजनाथ सिंह सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया। वाराणसी प्रेस क्लब के अध्यक्ष अरुण मिश्र ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।
खेल आयोजन समिति के संयोजक कृष्ण बहादुर रावत के अनुसार रविवार को पूर्वाह्न 10.30 बजे से टेबल टेनिस सहित सभी स्पर्धाओं के अगले चक्र के मैच खेले जाएंगे।