मुंबई, तीन नवम्बर। दिवाली से पहले घरेलू शेयर बाजार में धूम-धड़ाका जारी है और मंगलवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में दोनों मानक सूचकांक शानदार बढ़त लेकर बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स लगातार दूसरे दिन 1200 अंकों से भी बड़ी छलांग के साथ जहां 77,000 के स्तर के देहरी पर जा पहुंचा वहीं एनएसई निफ्टी 370 अंकों की मजबूती से 23,800 के पार पहुंच गया।
4 कारोबारी सत्रों में बेंचमार्क इंडेक्स लगभग 5 फीसदी चढ़े
देखा जाए तो पिछले चार कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स 3,671.82 अंक यानी पांच प्रतिशत चढ़ा है जबकि निफ्टी में 1,112 अंक यानी 4.89 प्रतिशत की तेजी आई है। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट, अमेरिकी सरकारी बॉण्ड पर प्रतिफल में कमी और विदेशी संस्थागत निवेशकों की नए सिरे से लिवाली से भारतीय शेयर बाजार में तेजी बनी रही।’
सेंसेक्स 1,225.07 अंक चढ़कर 76,917.85 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,225.07 अंक यानी 1.62 प्रतिशत चढ़कर 76,917.85 अंक पर बंद हुआ। सोमवार को सूचकांक ने 1,233 अंकों की बढ़त हासिल कर 75,500 का स्तर पार किया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 24 के स्टॉक बढ़त लेकर बंद हुए तो छह में कमजोरी दिखी।
निफ्टी 370.05 अंकों की बढ़त से 23,810.85 पर बंद
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 370.05 अंक यानी 1.58 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,810.85 अंक पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी सत्र में भी सूचकांक ने 387.70 अंकों की मजबूती दर्ज की थी। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 38 के शेयर हरे निशान पर रुके को 11 में गिरावट दर्ज की गई।
हिन्दुस्तान यूनिलीवर को सबसे ज्यादा 4.16 फीसदी लाभ
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में हिन्दुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड का स्टॉक सबसे ज्यादा 4.16 फीसदी लाभ में रहा। भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ नुकसान में रहने वाले शेयरों में पावर ग्रिड, भारतीय स्टेट बैंक, एनटीपीसी, टाटा स्टील और ट्रेंट शामिल हैं।
एफआईआई ने 3,114.68 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 3,114.68 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.72 प्रतिशत बढ़कर 105.6 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।


