1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला : ट्रस्ट की बैठक में चंपत राय व अनिल मिश्र का इस्तीफा मंजूर, कृष्ण मोहन नए महामंत्री
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला : ट्रस्ट की बैठक में चंपत राय व अनिल मिश्र का इस्तीफा मंजूर, कृष्ण मोहन नए महामंत्री

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला : ट्रस्ट की बैठक में चंपत राय व अनिल मिश्र का इस्तीफा मंजूर, कृष्ण मोहन नए महामंत्री

0
Social Share

अयोध्या, 6 जुलाई। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सुर्खियों में आने के बाद सोमवार को पहली बार श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक हुई। इस बैठक के दौरान ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्र का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया। वहीं चंपत राय की जगह नए ट्रस्टी रिटायर्ड IFS कृष्ण मोहन को ट्रस्ट का नया अंतरिम महामंत्री नियुक्त किया गया है।

ट्रस्ट को कोषाध्यक्ष गोविंद देव ने प्रेंस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने लगभग तीन घंटे तक चली बैठक खत्म होने के बाद शाम को आहूत प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन फैसलों की पुष्टि की।

खास अधिकारियों की नियुक्ति के लिए समिति गठित, 22 जुलाई को होगी ट्रस्ट की अगली बैठक

गोविंद देव ने बताया कि खास अधिकारियों की नियुक्ति करने के लिए एक समिति का गठन किया गया है और 22 जुलाई को ट्रस्ट की दोबारा बैठक होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि 22 जुलाई को जब दोबारा बैठक होगी, तब तक विशेष जांच टीम (SIT) की अंतिम रिपोर्ट भी आ सकती है।

IFS के महाराष्ट्र कैडर के अधिकारी रहे हैं नए अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन

ट्रस्ट के नए अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन को कामेश्वर चौपाल के निधन के बाद नौ सितम्बर, 2025 को ट्रस्ट का सदस्य बनाया गया था। हरदोई दिले के शाहाबाद क्षेत्र के रहने वाले कृष्ण मोहन भारतीय वन सेवा (IFS) के महाराष्ट्र कैडर के अधिकारी रहे हैं। नागपुर में तैनाती के दौरान वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS)से जुड़े। वर्ष 2012 में अवकाश ग्रहण करने के बाद वह हरदोई लौटे और समाजसेवा से जुड़ गए।

चंपत राय व अनिल मिश्र ने 26 जून को दे दिया था इस्तीफा

उल्लेखनीय है कि चंपत राय ने राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की कथित चोरी और गबन के आरोपों के बीच बीते माह अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। गत 26 जून को चंपत राय के इस्तीफे की खबर सामने आई थी जबकि ट्रस्ट की ओर से 27 जून को एक पत्र जारी कर उनके इस्तीफे की जानकारी दी थी। उसी वक्त अनिल मिश्र ने भी ट्रस्ट में बतौर सदस्य अपना पद छोड़ दिया था।

ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास ने जारी किया था बयान

इस बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक से पहले ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास ने सोमवार को दिन में एक पत्र जारी कर कहा था कि उनका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पूरा भरोसा है। इस पत्र में लिखा है कि राम मंदिर में हुई चढ़ावा चोरी से वह बहुत आहत हैं, लेकिन उनका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर उनका पूरा भरोसा है। इस मामले पर किसी को भी राजनीति नहीं करनी चाहिए।

गोविंद देव ने कथित गबन पर रविवार को पेश की थी सफाई

इससे पहले रविवार को ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने ‘रामभक्तों के नाम’ एक पत्र लिखकर अयोध्या राम मंदिर से जुड़े चंदे के कथित गबन पर सफाई दी थी। गोविंद देव ने अपने पत्र में वित्तीय पारदर्शिता पर जोर देते हुए स्पष्ट किया था कि ‘ट्रस्ट के कोष का पूरा लेखा-जोखा ऑडिटेड’ है और अधिकृत व्यक्ति कभी भी इसकी जांच कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि उनके कार्यकाल में उन्होंने ‘नकद दान या वस्तु रूप में बहुत सीमित उपहार’ स्वीकार किए हैं, जिनका रिकॉर्ड उपलब्ध है।

एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट के बाद 8 अभियुक्त हिरासत में हैं

उल्लेखनीय है कि राम मंदिर में चंदे और चढ़ावे की कथित चोरी और गड़बड़ी के मामले में एसआईटी अब तक आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चुकी है। इन आठों अभियुक्तों की तीन दिनों की न्यायिक हिरासत खत्म होने के बाद 29 जून को दोबारा 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

गठन के 10 दिनों के अंदर 23 जून को एसआईटी ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपी थी। इसके बाद 25 जून की शाम को इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर इन्हें गिरफ्तार कर लिया था। एफआईआर में नामित सभी अभियुक्त उस टीम का हिस्सा थे, जो 40 दानपात्रों के चढ़ावे को तीर्थयात्री सुविधा केंद्र पहुंचाने के बाद गिनती का काम करती थी।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code