1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. FIFA विश्व कप 2026 : इंग्लैंड ने सह मेजबान मेक्सिको की छुट्टी की, ब्राजील को हरा नॉर्वे पहली बार क्वार्टर फाइनल में
FIFA विश्व कप 2026 : इंग्लैंड ने सह मेजबान मेक्सिको की छुट्टी की, ब्राजील को हरा नॉर्वे पहली बार क्वार्टर फाइनल में

FIFA विश्व कप 2026 : इंग्लैंड ने सह मेजबान मेक्सिको की छुट्टी की, ब्राजील को हरा नॉर्वे पहली बार क्वार्टर फाइनल में

0
Social Share

मेक्सिको सिटी, 6 जुलाई। जूड बेलिंगहम के दो गोल व कप्तान हैरी केन की पेनाल्टी की मदद से इंग्लैंड ने उतार-चढ़ाव भरे रोमांचक राउंड ऑफ 16 मैच में सह मेजबान मैक्सिको की छुट्टी की और 3-2 की जीत से FIFA विश्व कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली।

इंग्लैंड की अब नॉर्वे से होगी टक्कर

लगातार तीसरी बार अंतिम आठ में पहुंचे इंग्लैंड की अब सेमीफाइनल में प्रवेश के लिए शनिवार को नॉर्वे से टक्कर होगी, जिसने न्यू जर्सी स्टेडियम में पांच बार के पूर्व चैम्पियन ब्राजील को स्तब्ध करते हुए 2-1 से जीत हासिल की और पहली बार अंतिम आठ का टिकट हासिल किया।

पूर्व चैम्पियन इंग्लैंड की बात करें तो वह दूसरी बार लगातार तीन विश्व कप के क्वार्टरफाइनल में पहुंचा है। इससे पहले उसने 1962 (क्वार्टरफाइनल), 1966 (विजेता) और 1970 (क्वार्टरफाइनल) में यह उपलब्धि अर्जित की थी। दिलचस्प तथ्य यह है कि मेक्सिको और इंग्लैंड के बीच यह केवल दूसरा FIFA विश्व कप मुकाबला था. इससे पहले 1966 में इंग्लैंड ने ग्रुप स्टेज का मैच 2-0 से जीता था और बाद में ट्रॉफी भी जीती थी।

वहीं मेक्सिको सिटी स्टेडियम में विश्व कप मैचों में मेक्सिको का अजेय रिकॉर्ड भी टूट गया। 1986 विश्व कप क्वार्टरफाइनल में अर्जेंटीना से 2-1 की हार के बाद, 40 वर्षों में मेक्सिको सिटी स्टेडियम में इंग्लैंड का यह पहला मैच था।

पहले चार मैचों में मेक्सिको पर एक भी गोल नहीं हुआ था

उल्लेखनीय तथ्य यह भी है कि मेक्सिको ने अपने पहले चार विश्व कप मैचों में कोई गोल नहीं खाया था, लेकिन जूड बेलिंगहम का उसके पास कोई जवाब नहीं था, जिन्होंने पहले हाफ में 98 सेकेंड के अंदर दो गोल ठोक दिए। इस हार ने मेक्सिको के फैंस को निराश किया। वे उम्मीद कर रहे थे कि उनका देश 1986 के बाद पहली बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचेगा, जब उसने आखिरी बार विश्व कप की मेजबानी की थी। तब से मेक्सिको आठ बार राउंड ऑफ 16 से बाहर हो चुका है।

खराब मौसम के कारण एक घंटे विलंब से शुरू हुआ यह रोमांचक मुकाबला निश्चित रूप से यादगार बन गया क्योंकि दूसरे हाफ की शुरुआत में इंग्लैंड के जैरेल क्वांसाह को रेड कार्ड मिलने के बाद इंग्लैंड ने 40 मिनट से ज्यादा समय तक 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने के बावजूद जीत हासिल की।

इंग्लैंड की जीत में बेलिंगहम ने ठोके दो गोल

इंग्लैंड की तरफ से बेलिंगहम ने दो गोल और कप्तान हैरी केन ने एक गोल किया जबकि मेक्सिको की तरफ से जूलियन क्विनोन्स और राउल जिमेनेज ने गोल किया। इसके बाद मेक्सिको ने बराबरी का गोल करने के लिए दबाव बनाया, जिससे मैच एक्स्ट्रा टाइम में जा सकता था, लेकिन इंग्लैंड ने मजबूती से अपने किले का बचाव करते हुए मैच जीत लिया।

ब्राजील के खिलाफ नॉर्वे के अर्लिंग हॉलैंड ने किए दो गोल

उधर न्यू जर्सी में नॉर्वे ने अर्लिंग हॉलैंड के शानदार दो गोलों की बदौलत ब्राजील को हरा फुटबॉल इतिहास की अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। वहीं ब्राजील का टूर्नामेंट में लगातार क्वार्टरफाइनल तक पहुंचने का सिलसिला आठ बार के बाद टूट गया। 1990 के बाद यह पहला मौका है, जब ब्राजील के क्वार्टर फाइनल से पहले ही बाहर होना पड़ा। 1990 में उसे कट्टर लैटिन अमेरिकी प्रतिद्वंद्वी अर्जेंटीना ने बाहर किया था।

अर्लिंग हॉलैंड ने एम्बापे व मेसी की बराबरी की

अर्लिंग हॉलैंड की बात करें तो मौजूदा संस्करण में वह अब तक सात गोल कर चुके हैं। वह अब किलियन एम्बापे और लियोनेल मेसी की बराबरी पर आ गए हैं, जिससे ‘एडिडास गोल्डन बूट’ की दौड़ और रोमांचक हो गई है। हॉलैंड ने नॉर्वे के लिए अपने पिछले 14 प्रतिस्पर्धी मैचों में से हर एक में गोल किया है और कुल 27 गोल दागे हैं।

 

ब्राजील के बाहर होते ही नेमार ने लिया संन्यास

ब्राजील के बाहर होते ही उसके सुपरस्टार 34 वर्षीय नेमार ने अंतरराट्रीय फुटॉबाल से संन्यास की घोषणा कर दी। मैच के बाद उन्होंने कहा कि ब्राजील की नेशनल टीम के लिए यह उनका आखिरी मैच था। हालांकि दाएं पैर की पिंडली (काफ) की लगातार चोट के कारण, नेमार टूर्नामेंट में ब्राजील के पांच में से सिर्फ दो मैचों में खेले। वे ग्रुप स्टेज में स्कॉटलैंड के खिलाफ भी 15 मिनट के लिए मैदान पर उतरे थे।

नेमार ने 2010 और 2026 के बीच 130 मैचों में 80 गोल किए और 59 असिस्ट दिए। वे ब्राजील के लिए अब तक के सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी और इतिहास में पुरुषों की अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में 11वें सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी के तौर पर अपना करिअर समाप्त कर रहे हैं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code