Site icon Revoi.in

यूपी नगर निकाय चुनाव : 17 नगर निगम, 200 नगर पालिका और 545 नगर पंचायतों की आरक्षण सूची जारी

Social Share

लखनऊ, 5 दिसम्बर। उत्तर प्रदेश में 762 नगर निकायों के प्रस्तावित चुनाव को लेकर मेयर और अध्यक्ष पक्षों के लिए सोमवार को आरक्षण सूची जारी कर दी गई। इन नगर निकायों में 17 नगर निगम, 200 नगर पालिका और 545 नगर पंचायत चेयरमैनों की सूची शामिल है। यूपी सरकार के नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने सोमवार की शाम एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी।

अरविंद शर्मा ने बताया कि 17 नगर निगम में मेयरों की दो सीट अनुसूचित जाति, दो अनुसूचित जनजाति, चार पिछड़ा वर्ग, दो अनारक्षित और आठ सीटें सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित की गई हैं। इसी तरह 200 नगर पालिका अध्यक्षों के लिए 40 सीटें महिला, 27 एससी वर्ग, 54 ओबीसी और 79 सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित की गई है। 545 नगर पंचायत चेयरमैनों के लिए 147 पिछड़ा वर्ग, 49 पिछड़ा वर्ग महिला, 98 पिछड़ा वर्ग अन्य और 107 सामान्य के लिए सीट आरक्षित की गई है।

नगर निगम आरक्षण

एके शर्मा ने बताया कि आरक्षण सूची को लेकर आपत्ति सात दिन के भीतर दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि आगरा नगर निगम के लिए अनुसूचित जाति महिला, झांसी नगर निगम पर अनुसूचित जाति, मथुरा-वृंदावन के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग, महिला, अलीगढ़ के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग महिला, मेरठ के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग, प्रयागराज के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग, अयोध्या के लिए महिला, सहारनपुर में महिला, मुरादाबाद में महिला, फिरोजाबाद, गाजियाबाद, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी, बरेली और शाहजहांपुर की सीट अनारक्षित रखी गई है।