नई दिल्ली, 17 अगस्त। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पार्टी के सभी पदों और सक्रिय प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को अपना इस्तीफा भेजा है। पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस्तीफे की जानकारी साझा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार जताया।
भाजपा के सभी पदों से दिया इस्तीफा
शहजाद पूनावाला ने कहा कि उन्होंने बेहद विनम्रता और आभार के साथ एक बार फिर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन को अपना इस्तीफा सौंपा है और इसे स्वीकार करने का अनुरोध किया है। उन्होंने अपने इस्तीफे में स्पष्ट किया कि वह राष्ट्रीय प्रवक्ता के पद और भाजपा की सक्रिय प्राथमिक सदस्यता से मुक्त होना चाहते हैं। पूनावाला के मुताबिक, यह फैसला उन्होंने लंबे विचार-विमर्श और गंभीर मनन के बाद लिया है।
पहले भी दे चुके थे इस्तीफा
पूनावाला ने अपने पत्र में कहा कि उनका ताजा इस्तीफा 30 जुलाई 2026 को भेजे गए पिछले पत्र के संदर्भ में है। उस पत्र में उन्होंने जरूरी आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों का हवाला देते हुए भाजपा के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने की पेशकश की थी।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने उस समय उनका इस्तीफा तुरंत स्वीकार नहीं किया था और उनसे अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया था। हालांकि, पिछले कुछ दिनों की घटनाओं और गंभीर विचार-विमर्श के बाद उन्होंने अपने फैसले पर कायम रहने का निर्णय लिया।
‘PM मोदी और वरिष्ठ नेताओं का हमेशा आभारी रहूंगा’
शहजाद पूनावाला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, गृह मंत्री अमित शाह, संगठन महामंत्री बीएल संतोष, जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन नेताओं और पूरे संघ परिवार से उन्हें मार्गदर्शन, सम्मान और विश्वास मिला, जिसके लिए वह हमेशा आभारी रहेंगे।
‘बिना राजनीतिक परिवार के मेरी कहानी संभव हुई’
पूनावाला ने अपने इस्तीफे में अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि एक युवा, पसमांदा मुस्लिम और बिना किसी राजनीतिक परिवार की पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति के लिए इस तरह की राजनीतिक यात्रा किसी अन्य देश या पार्टी में शायद ही संभव हो पाती। उन्होंने कहा कि वह उस पार्टी और राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी से विदा ले रहे हैं, जिसे उन्होंने बहुत प्यार किया।
‘पार्टी छोड़ रहा हूं, विचार और व्यक्ति नहीं’
शहजाद पूनावाला ने कहा कि जरूरी आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण अब वह निजी क्षेत्र में प्रवेश करेंगे। हालांकि, जहां भी संभव होगा, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के विजन और कार्यों का समर्थन करते रहेंगे। उन्होंने अपने इस्तीफे में कहा, “मैं पार्टी की व्यवस्था छोड़ रहा हूं लेकिन विचार और व्यक्ति नहीं।”
‘विकसित भारत’ और ‘Make India Great Again’ का जिक्र
पूनावाला ने कहा कि उनका मिशन और विजन ‘विकसित भारत’ और ‘Make India Great Again’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे भी पूरे जोश और जुनून के साथ जारी रहेगा। उन्होंने संकेत दिया कि भाजपा के संगठनात्मक पद से अलग होने के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और पार्टी की विचारधारा के प्रति उनका समर्थन जारी रहेगा।

