1. Home
  2. राज्य
  3. दिल्ली
  4. रेखा गुप्ता होंगी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री, भाजपा विधायक दल की बैठक में हुआ फैसला
रेखा गुप्ता होंगी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री, भाजपा विधायक दल की बैठक में हुआ फैसला

रेखा गुप्ता होंगी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री, भाजपा विधायक दल की बैठक में हुआ फैसला

0
Social Share

नई दिल्ली, 19 फरवरी। दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम सामने आने के 11 दिनों बाद अंततः राष्ट्रीय राजधानी के नए मुख्यमंत्री का फैसला हो गया। इस क्रम में शालीमार बाग की नवनिर्वाचित विधायक रेखा गुप्ता विधायक दल की नेता चुनी गईं। वह गुरुवार को मध्याह्न बाद रामलीला मैदान में अन्य मंत्रियों के साथ दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगी।

विजेंद्र गुप्ता व प्रवेश वर्मा ने रेखा गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा

भाजपा संसदीय बोर्ड द्वारा नियुक्त दो पर्यवेक्षकों – पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ की मौजूदगी में बुधवार की शाम भाजपा दिल्ली इकाई के कार्यालय में विधायक दल की बैठक हुई। 27 वर्षों के अंतराल बाद दिल्ली की सत्ता संभालने को तैयार भाजपा के सभी 48 नवनिर्वाचित विधायकों ने रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लगाई।

रविशंकर प्रसाद ने बैठक के बाद रेखा गुप्ता के नाम की औपचारिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि तीन विधायकों – प्रवेश सिंह वर्मा, विजेंद्र गुप्ता व सतीश उपाध्याय ने रेखा गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा जबकि नौ लोगों ने इसका अनुमोदन किया।

पेशे से अधिवक्ता हैं हरियाणा में जन्मीं रेखा गुप्ता

हरियाणा के जींद जिले में स्थित नंदगढ़ गांव में 1974 में जन्मी और पेशे से अधिवक्ता 50 वर्षीया रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग सीट से आम आदमी पार्टी की वंदना कुमारी को 38,605 वोटों से हराने के साथ उनसे पिछली दो पराजयों का हिसाब चुकता किया था।  रेखा गुप्ता मौजूदा समय दिल्ली भाजपा की महासचिव और भाजपा की महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं।

पढ़ाई-लिखाई के दौर में ही राजनीति से जुड़ीं

रेखा के पिता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में अधिकारी पद पर थे। 1976 में रेखा का परिवार दिल्ली में शिफ्ट हो गया था। इसके बाद उनकी प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक दिल्ली में हुई। रेखा बचपन में पढ़ाई-लिखाई के दौरान ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संगठन (RSS) के स्टूडेंट विंग अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़ गई थीं। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान वह दौलत राम कॉलेज में सचिव का चुनाव जीतने में सफल रहीं। 1995-96 में उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ का चुनाव लड़ा और अध्यक्ष बनीं। रेखा ने इसके बाद एलएलबी तक की पढ़ाई पूरी की।

अब तक का राजनीतिक करिअर

पढ़ाई पूरी करने के बाद रेखा गुप्ता 2003-04 में भाजपा युवा मोर्चा की दिल्ली इकाई से जुड़ीं और यहां सचिव पद पर रहीं। इसके बाद 2004 से 2006 तक उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव के तौर पर जिम्मेदारी निभाई।

  • 2007 : उत्तर पीतमपुरा से पार्षद बनीं।
  • 2007-09 : एमसीडी में महिला कल्याण एवं बाल विकास समिति की दो साल तक अध्यक्ष रहीं।
  • 2009 : दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव रहीं।
  • 2010 : भाजपा ने उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य की जिम्मेदारी दी।

2015 और 2020 के विधानसभा चुनाव में सफलता नहीं मिली

रेखा गुप्ता को 2015 और 2020 के विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग सीट से चुनाव में उतारा गया। 2015 में उन्हें आम आदमी पार्टी की वंदना कुमारी ने करीब 11 हजार वोटों से हराया तो वहीं 2020 में उनकी हार का अंतर 3400 वोट के करीब था। हालांकि, 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने वंदना कुमारी को बड़े अंतर से हरा दिया।

दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री

दिल्ली की महिला मुख्यमंत्री की बात करें तो 1993 से 1998 तक भाजपा ने जब पहली बार सरकार बनाई थी, तब कुछ दिनों के लिए सुषमा स्वराज राज्य की पहली महिला सीएम बनी थीं। उसके बाद कांग्रेस के 15 वर्षों के शासनकाल में शीला दीक्षित ने लगातार यह पद संभाला। वहीं आम आदमी पार्टी की सरकार में पिछले वर्षांत अरविंद केजरीवाल के त्यागपत्र के बाद आतिशी ने चुनाव तक सीएम पद की जिम्मेदारी निभाई। अब रेखा गुप्ता राज्य की चौथी महिला सीएम बनेंगी।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code