1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. यानिक सिनर ने रचा इतिहास, लगातार 5 एटीपी मास्टर्स 1000 खिताब जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने
यानिक सिनर ने रचा इतिहास, लगातार 5 एटीपी मास्टर्स 1000 खिताब जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने

यानिक सिनर ने रचा इतिहास, लगातार 5 एटीपी मास्टर्स 1000 खिताब जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने

0
Social Share

मैड्रिड, 3 मई। विश्व नंबर एक इतालवी स्टार यानिक सिनर ने रविवार को टेनिस इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया, जब वह लगातार पांच एटीपी मास्टर्स 1000 खिताब जीतने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी बन गए। सिनर ने काजा मैजिका में 2026 मुतुआ मैड्रिड ओपन की ट्रॉफी जीतने के लिए अलेक्जेंडर ज्वेरेव को सिर्फ 57 मिनट में 6-1, 6-2 से करारी शिकस्त दी। यह उनकी एक ऐसी अभूतपूर्व सफलता की पराकाष्ठा थी, जिसने पूरे टेनिस जगत को अचंभित कर दिया है।

शानदार प्रदर्शन से हासिल की ऐतिहासिक उपलब्धि

मनोलो सांटाना स्टेडियम में खेले गए फाइनल में 24 वर्षीय सिनर ने लगभग-बेदाग प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले सेट में सिर्फ 17 मिनट के अंदर 5-0 की बढ़त बना ली। इस दौरान अपनी बेहद तेज रिटर्न और मजबूत बेसलाइन पावर से जर्मन खिलाड़ी की सर्विस को दो बार तोड़ा। उनके विपरीत दो बार के मैड्रिड ओपन चैम्पियन ज्वेरेव गेंद को खेल में मुश्किल से ही रख पा रहे थे। सिनर ने अपनी पहली सर्विस के 80 प्रतिशत से ज्यादा अंक जीते और अपने प्रतिद्वंद्वी को अंदाजा लगाने पर मजबूर करने के लिए उन्होंने चतुर ड्रॉप शॉट और गति में बदलाव का भी इस्तेमाल किया।

ज्वेरेव के खिलाफ सिनर का मैच रिकॉर्ड 10-4

दूसरा सेट भी बिल्कुल वैसा ही रहा। मौजूदा विश्व नंबर तीन ज्वेरेव ने वापसी की कोशिश की, लेकिन सिनर के लगातार दबाव का उनके पास कोई जवाब नहीं था। मैच अंक पर लगाए गए एक जोरदार फोरहैंड विनर ने जीत पक्की कर दी, इसे देखकर मैड्रिड के दर्शक खुशी से झूम उठे। और सिनर ने स्पेन की धरती पर अपना पहला खिताब जीतने का जश्न मनाया। सिनर ने इसके साथ ही ज्वेरेव के खिलाफ अपना मैच रिकार्ड 10-4 कर लिया है।

पेरिस 2025 से शुरू हुआ था सिनर का यह सफर

सिनर की इस जीत के साथ ही एक असाधारण सिलसिला पूरा हो गया है। पेरिस 2025 से शुरू हुआ खिताबी सफर इस सीजन में इंडियन वेल्स, मियामी व मोंटे कार्लो और अब मैड्रिड 2026। ओपन युग में अब तक किसी भी खिलाड़ी ने लगातार पांच मास्टर्स 1000 खिताब नहीं जीते थे। सिर्फ 24 वर्ष की उम्र में सिनर ने रोजर फेडरर, राफेल नडाल और नोवाक जोकोविच जैसे दिग्गजों की श्रेणी में जगह बनाई है और फिर उन्हें पीछे छोड़ते हुए सभी नौ मास्टर्स टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं।

अब रोम पर टिकीं टेनिस प्रशंसकों की नजरें

फ्रेंच ओपनर के पहले जैसे-जैसे क्ले कोर्ट सीजन आगे बढ़ रहा है, सबकी नजरें रोम पर टिक गई हैं। लेकिन मैड्रिड में एक रात के लिए, सारी सुर्खियां यानिक सिनर के नाम रहीं, जो लगातार पांच मास्टर्स 1000 खिताब जीतने वाले टेनिस इतिहास के पहले खिलाड़ी बन गए। संभव है कि टेनिस की दुनिया में फिर कभी ऐसा सिलसिला देखने को न मिले।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code