1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल-19 : SRH का विजय क्रम टूटा, KKR ने घर में मिली हार का चुकाया हिसाब
आईपीएल-19 : SRH का विजय क्रम टूटा, KKR ने घर में मिली हार का चुकाया हिसाब

आईपीएल-19 : SRH का विजय क्रम टूटा, KKR ने घर में मिली हार का चुकाया हिसाब

0
Social Share

हैदराबाद, 3 मई। तीन बार के पूर्व चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने रविवार को यहां गेंदबाजी व बल्लेबाजी का समग्र नजारा प्रस्तुत किया और टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) के अपेक्षाकृत कम स्कोर वाले मैच में 10 गेंदों के शेष रहते सात विकेट की प्रभावी जीत से न सिर्फ सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का लगातार पांच मैचों से जारी अजेय क्रम तोड़ा वरन खुद लीग की शुरुआत में ही घरेलू मैदान पर इसी टीम के खिलाफ मिली हार का पूरी दमदारी से हिसाब भी चुकता कर दिया।

हेड का तूफानी पचासा, लेकिन वरुण व सुनील ने पारी समेटी

उप्पल स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी का फैसला करने वाला एसआरएच ट्रैविस हेड (61 रन, 28 गेंद, तीन छक्के, नौ चौके) व ईशन किशन (42 रन,29 गेंद, दो छक्के, चार चौके) की मौजूदगी में तूफानी शुरुआत अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सका और स्पिनर्स द्वय वरुण चक्रवर्ती (3-36) व सुनील नरेन (2-36) सहित अन्य गेंदबाजों के सामने 19 ओवरों में 165 रनों पर ही सिमट गया।

रघुवंशी व रहाणे ने तैयार किया केकेआर की जीत का आधार

जवाब में सत्र का तीसरा पचासा जड़ने वाले अग्निकृष रघुवंशी (59 रन, 47 गेंद, दो छक्के, पांच चौके), नौ मैचों में तीसरी बार 40 रनों से आगे बढ़े कप्तान अजिंक्य रहाणे (43 रन, 36 गेंद, एक छक्का, चार चौके), फिन एलेन (29 रन, 13 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) व पिछले मैच के ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रिंकू सिंह (नाबाद 22 रन, 11 गेंद, एक छक्का, दो चौके) की ताबड़तोड़ पारियों से केकेआर ने 18.2 ओवरों में तीन विकेट पर 169 रन बना लिए।

नाइट राइडर्स की लगातार तीसरी जीत

दिलचस्प यह है कि सत्र के शुरुआती लगातार पांच मैचों में पराजय झेलने वाले नाइट राइडर्स की नौ मैचों में यह लगातार तीसरी जीत है। हालांकि वह सात अंकों के साथ अब भी आठवें स्थान पर ही है। वहीं एसआरएच 10 मैचों में चौथी हार के बावजूद 12 अंक लेकर तीसरे स्थान पर काबिज है।

हेड व किशन ने 32 गेंदों पर जोड़े 61 रन

मुकाबले की बात करें तो ट्रैविस हेड संग नाइट राइडर्स को तेज शुरुआत दिलाने वाले अभिषेक शर्मा (15 रन, 10 गेंद, एक छक्का, एक चौका) चौथे ओवर में 44 के योग पर मीडियम पेसर कार्तिक त्यागी (2-30) के शिकार हो गए। लेकिन हेड को किशन का साथ मिला और दोनों ने तेज स्कोरिंग जारी रखी। पावरप्ले में 71 रन जुड़ गए और 32 गेंदों पर 61 रनों की भागीदारी का असर था कि एक समय नौ ओवरों में ही एक विकेट पर 105 रन जुड़ चुके थे।

11 ओवरों में 60 रनों पर निकल गए हैदराबाद के अंतिम 9 बल्लेबाज

लेकिन ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ वरुण ने नौवें ओवर की अंतिम गेंद पर हेड को क्या लौटाया कि हैदाराबादी टीम अचानक दबाव में आ गई और एक के बाद एक लगातार बल्लेबाज लौटने लगे। इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि 11 ओवरों में 60 रनों की वृद्धि पर अंतिम नौ बल्लेबाज निकल गए।

स्कोर कार्ड

इस दौरान सिर्फ हेनरिच क्लासेन (11 रन, आठ गेंद, एक छक्का, एक चौका) व कप्तान पैट कमिंस (10 रन, आठ गेंद, एक छक्का) ही दहाई में पहुंच सके। वरुण, सुनील व त्यागी के अलावा वैभव अरोड़ा, कैमरन ग्रीन व अनुकूल रॉय ने भी एक-एक सफलता पाई।

रहाणे ने रघुवंशी संग 66 गेंदों पर ठोके 84 रन

सामान्य लक्ष्य के सामने रहाणे व फिन एलेन ने तेज जवाबी काररवाई शुरू की और 24 गेंदों पर 49 रन आ गए। फिन को चौथे ओवर में पैट कमिंस (1-31) ने लौटाया तो रघुवंशी ने रहाणे का साथ निभाया और दोनों ने 66 गेंदों पर 84 रनों की साझेदारी कर केकेआर को जीत की राह पकड़ा दी।

हालांकि सत्र के दूसरे पचासे से सात रनों के फासले पर रहाणे 15वें ओवर में शाकिब हुसैन (1-17) के शिकार बने तो अगले ओवर में अग्निकृष को शिवांग कुमार (1-31) ने चलता कर दिया। फिलहाल रिंकू का विस्फोटक अंदाज जारी रहा और उन्होंने कैमरन ग्रीन (नाबाद तीन रन) के रहते 19वें ओवर में ईशान मलिंगा की लगातार गेंदो पर दो चौके जड़ते हुए जीत की औपचारिकता पूरी कर दी।

सोमवार का मैच : मुंबई इंडियंस बनाम लखनऊ सुपर जाएंट्स (मुंबई, शाम 7.30 बजे)।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code