1. Home
  2. हिन्दी
  3. चुनाव
  4. असम में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार : हिमंत की अगुआई में पहली बार पार्टी पूर्ण बहुमत की ओर अग्रसर
असम में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार : हिमंत की अगुआई में पहली बार पार्टी पूर्ण बहुमत की ओर अग्रसर

असम में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार : हिमंत की अगुआई में पहली बार पार्टी पूर्ण बहुमत की ओर अग्रसर

0
Social Share

गुवाहाटी, 4 मई। पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में पश्चिम बंगाल, केरल व तमिलनाडु से इतर पूर्वोत्तर राज्य असम में पहले से ही यह अनुमान लगाया जा रहा था कि हिमंत बिस्वा सरमा की अगुआई में भाजपा अपनी सत्ता बरकरार रखने में सफल होगी और सोमवार को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (EVM) खुलीं तो यह अनुमान सटीक बैठा।

देर शाम तक जो रुझान या परिणाम सामने आ आए, उसके हिसाब से राज्य में भाजपा के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार एनडीए की सरकार बनने जा रही है। सर्वाधिक दिलचस्प पहलू यह है कि भाजपा पहली बार अपने दम पूर्ण बहूमत हासिल करने जा रही है।

भाजपा अकेले 80 से ज्यादा सीटें जीतने को तत्पर

कुल 126 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 64 सीटों की दरकार है जबकि भाजपा अकेले 80 से ज्यादा सीटें जीतने की ओर अग्रसर है। भाजपा ने AGP और UPPL के साथ मिलकर चुनाव लड़ा, जबकि कांग्रेस ने AIUDF सहित कई दलों के साथ तालमेल बैठाया। कांग्रेस खुद लगभग 20 सीटों पर सिमटती लग रही है।

चुनाव अभियान के दौरान बांग्लादेशी घुसपैठ, NRC, CAA, बाढ़, बेरोजगारी, चाय बागान मजदूरों के मुद्दे और विकास सबसे बड़े चुनावी मुद्दे रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई बड़े नेताओं ने राज्य में ताबड़तोड़ रैलियां कीं।

चाय पट्टी में पार्टी का बेहतरीन प्रदर्शन

असम के ऊपरी इलाके में स्थित डिब्रूगढ़ की चाय पट्टी में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है। पीएम मोदी का चाय बागान मजदूरों के साथ सीधा जुड़ाव पार्टी के लिए बहुत फायदेमंद साबित हुआ। भाजपा इस क्षेत्र की सभी छह सीटों पर बड़े अंतर से आगे चल रही है। इन सीटों में डिब्रूगढ़, चाबुआ-लाहोवाल, दुलियाजान, टिंगखोंग, नाहरकटिया और खोवांग शामिल हैं

हिमंत बिस्वा सरमा ने 80,000 वोटों की बढ़त हासिल की

चुनाव आयोग से उपलब्ध अंतिम आंकड़ों के अनुसार मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने जालुकबारी निर्वाचन क्षेत्र में अपनी निकटतम कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी बिदिशा निओग पर लगभग 90,000 वोटों की जबर्दस्त बढ़त बना ली है। हिमंत लगातार छठी बार जालुकबारी निर्वाचन क्षेत्र को बरकरार रखना चाहते हैं।

जोरहाट में गौरव गोगोई 23 हजार मतों से हारे

वहीं अमस कांग्रेस के अध्यक्ष गौरव गोगोई जोरहाट सीट पर 23,182 वोटों से चुनाव हार गए। भाजपा के हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने गौरव गोगोई को मात दी। इस प्रकार देखें तो राज्य से तीन बार सांसद रहे गौरव गोगोई को अपने राजनीतिक करियर में पहली चुनावी हार का सामना करना पड़ा है।

उम्मीद की जा रही थी कि गौरव अपने पिता, दिवंगत तरुण गोगोई के नक्शेकदम पर चलते हुए केंद्र की राजनीति के बाद राज्य की राजनीति में सफल वापसी करेंगे। हालांकि, भाजपा नेता गोस्वामी ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। गोगोई को 46257 वोट मिले जबकि गोस्वामी ने 69439 वोट हासिल कर लगातार तीसरी बार इस सीट पर कब्जा बरकरार रखा।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code