विधानसभा चुनावों के परिणामों से शेयर बाजार में लौटी तेजी, सेंसेक्स 356 अंक चढ़ा, निफ्टी 24000 के पार
मुंबई, 4 मई। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव नतीजे बाजार की उम्मीदों के अनुरूप रहने और प्रमुख कम्पनियों में लिवाली आने से सोमवार को घरेलू शेयर बाजार में तेजी लौटी। हालांकि शुरुआत की बड़ी तेजी दिन चढ़ने के साथ कमजोर होती चली गई। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स में जहां 356 अंकों की मजबूती रही वहीं एनएसई निफ्टी 122 अंक चढ़ने के साथ 24,000 के पार चला गया।
सेंसेक्स 0.46 प्रतिशत बढ़कर 77,269.40 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 355.90 अंक यानी 0.46 प्रतिशत बढ़कर 77,269.40 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय सूचकांक 997.25 अंक उछलकर 77,910.75 अंक तक पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 22 के शेयर लाभ में रहे और आठ में गिरावट दर्ज की गई।
निफ्टी 121.75 अंकों की बढ़त से 24,119.30 पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 121.75 अंक यानी 0.51 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,119.30 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 37 के स्टॉक बढ़त पर रहे और 13 में कमजोरी दिखी।
व्यापक बाजार में छोटी कम्पनियों का बीएसई स्मालकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.79 प्रतिशत की बढ़त पर रहा जबकि मझोली कम्पनियों के मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक में 0.75 प्रतिशत की तेजी रही। सेक्टोरल इंडेक्स में रियल्टी खंड, सेवा, पूंजीगत उत्पाद और औद्योगिक खंड एक प्रतिशत से अधिक बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं, आईटी और बैंक खंड में गिरावट रही।
अदाणी पोर्ट्स के स्टॉक सबसे ज्यादा 5.30 फीसदी चढ़े
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में से अदाणी पोर्ट्स के स्टॉक सबसे ज्यादा 5.30 फीसदी चढ़े। हिन्दुस्तान यूनिलीवर, रिलायंस इंडस्ट्रीज, लार्सन एंड टुब्रो, इटर्नल और मारुति सुजुकी के शेयर भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और आईटीसी के शेयर नुकसान में रहे।
एफआईआई ने 8,047.86 करोड़ रुपये के शेयर बेचे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 8,047.86 करोड़ रुपये के शेयर बेचे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 3,487.10 करोड़ रुपये की खरीदारी की। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.48 प्रतिशत बढ़कर 109.8 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
गौरतलब है कि घरेलू शेयर बाजार में महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर शुक्रवार को बंदी थी। उससे एक दिन पहले गुरुवार को सेंसेक्स 582.86 अंक गिरकर 76,913.50 और निफ्टी 180.10 अंक घटकर 23,997.55 अंक पर बंद हुए थे।
