RAC टिकटधारक यात्रियों को राहत : अब AC कोच में मिलेगी पूरी बेडरोल किट, रेलवे ने जारी किया निर्देश
नई दिल्ली, 5 अगस्त। रेल मंत्रालय ने एसी कोच में RAC (रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसलेशन) टिकट पर सफर करने वाले यात्रियों को राहत प्रदान करने वाला नया निर्देश जारी किया है। इसके तहत मंत्रालय ने सभी रेलवे जोन को निर्देश जारी किया गया है कि RAC टिकटधारक यात्रियों को भी यात्रा के दौरान पूरी बेडरोल किट, यानी चादर, कंबल और तकिया समेत सभी जरूरी सामान उपलब्ध कराया जाए।
रेल मंत्रालय ने बताया कि उसे लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि RAC टिकट पर सफर करने वाले कई यात्रियों को चादर, कंबल और तकिया जैसी बेडरोल सुविधाएं नहीं मिल रही हैं या पूरी किट उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। लगातार मिल रहीं शिकायतों के बाद ही यह फैसला किया गया है। उल्लेखनीय है कि RAC में दो यात्रियों को एक ही बर्थ पर यात्रा करनी पड़ती है, जब तक उन्हें कन्फर्म बर्थ नहीं मिल जाती।
मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि एसी चेयर कार को छोड़कर सभी एसी कोच में RAC टिकट पर सफर करने वाले हर यात्री को भी अन्य कन्फर्म यात्रियों की तरह पूरी बेडरोल किट दी जाए। मंत्रालय ने सभी रेलवे जोन को निर्देश दिया कि इस नियम का सख्ती से पालन किया जाए ताकि यात्रा के दौरान किसी भी यात्री को असुविधा का सामना न करना पड़े।
बेडरोल सुविधा न मिलने पर किससे करें शिकायत
रेलवे ने कहा कि नए निर्देशों का उद्देश्य ये सुनिश्चित करना कि RAC यात्रियों को भी यात्रा के दौरान पूरी बेडरोल सुविधा मिले और उन्हें किसी तरह की असुविधा न हो। यदि RAC टिकट पर एसी कोच में सफर के दौरान आपको चादर, कंबल या तकिया नहीं मिलता तो सबसे पहले कोच अटेंडेंट या टीटीई से इसकी मांग करें। यदि इसके बाद भी सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जाती तो आप रेलवे के शिकायत पोर्टल या हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
