नई दिल्ली, 6 नवम्बर। दोहरे ओलम्पिक विजेताद्वय देश की शीर्षस्थ महिला शटलर पीवी सिंधु और भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह शुक्रवार को भारतीय ओलम्पिक संघ (IOA) के एथलीट आयोग के क्रमशः अध्यक्ष और उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए।
सिंधु व हरमनप्रीत संबंधित पद के इकलौते उम्मीदवार थे
उल्लेखनीय है कि सिंधु और हरमनप्रीत एथलीट आयोग के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए इकलौते उम्मीदवार थे। इसलिए चुनाव अधिकारी संजय के. श्रीवास्तव ने उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया। इस निर्वाचन के बाद सिंधु और हरमनप्रीत आगामी पांच दिसम्बर को राष्ट्रीय ओलम्पिक निकाय के चुनावों के बाद गठित होने वाली आईओए की कार्यकारी परिषद के सदस्य बन जाएंगे।
मीराबाई व साजन प्रकाश खिलाड़ियों के प्रतिनिधि चुने गए
वहीं ओलम्पिक पदक विजेता स्टार भारोत्तोलक मीराबाई चानू और ख्यातिनाम तैराक साजन प्रकाश को देश की सर्वोच्च खेल संस्था की आमसभा में खिलाड़ियों का प्रतिनिधि चुना गया। चानू और साजन भी खिलाड़ियों के प्रतिनिधियों की दो सीटों के लिए एकमात्र उम्मीदवार थे। अब वे पांच दिसम्बर को होने वाले आईओए चुनावों में मतदान करने के पात्र हो गए हैं।

निर्विरोध निर्वाचित होने के कारण शनिवार को होने वाली आईओए आमसभा में आईओए एथलीट आयोग के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के साथ-साथ खिलाड़ियों के दो प्रतिनिधियों के चुनाव नहीं होंगे। चुनाव अधिकारी श्रीवास्तव इस संदर्भ में केवल औपचारिक अधिसूचना जारी करेंगे। इन चारों खिलाड़ियों का कार्यकाल चार वर्षों (2026-2030) का होगा।
चुनाव अधिकारी ने शुक्रवार को जारी नोटिस में कहा, ‘पुसरला वेंकट सिंधु (महिला) अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाली एकमात्र उम्मीदवार हैं, इसलिए उन्हें आईओए एथलीट आयोग का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। हरमनप्रीत सिंह (पुरुष) को आईओए एथलीट आयोग का निर्विरोध उपाध्यक्ष चुना गया है इसलिए इन पदों के लिए मतदान नहीं होगा।’
नोटिस में कहा गया है, ‘मीराबाई चानू साइखोम (महिला) और साजन प्रकाश (पुरुष) एथलीट आयोग के दो प्रतिनिधियों के रूप में आईओए आमसभा के सदस्य के लिए नामांकन दाखिल करने वाले अकेले उम्मीदवार थे और उन्हें भी निर्विरोध चुना गया है।’
नियमों के अनुसार एथलीट आयोग के अध्यक्ष या उपाध्यक्ष में से कोई एक पुरुष या महिला खिलाड़ी होना चाहिए। यही नियम आईओए की आमसभा के लिए खिलाड़ियों के दो प्रतिनिधियों पर भी लागू होता है।
एथलीट आयोग के अन्य सदस्यों में महिला हॉकी कप्तान सलीमा टेटे, निशानेबाज स्वप्निल कुसाले, तलवारबाज भवानी देवी, गोला प्रक्षेपक तजिंदरपाल सिंह तूर, पूर्व तीरंदाज बॉम्बेला देवी और कयाकिंग और कैनोइंग से मनजीत सिंह शामिल हैं। सिंधु, चानू व भवानी मशहूर मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम की अध्यक्षता वाली पूर्व एथलीट आयोग की भी सदस्य थीं।


