मुंबई, 13 नवम्बर। दिवाली के अवसर पर विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र (10 नवम्बर) को छोड़ पिछले लगातार 10 नियमित कारोबारी सत्रों से जारी घरेलू शेयर बाजार की तेजी अंततः थमी और शुक्रवार को दोनों मानक सूचकांक बड़ी गिरावट लेकर बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 318 अंक गिरकर बंद हुआ जबकि निफ्टी में 155 अंक की गिरावट रही।
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि अक्टूबर में खुदरा मुद्रास्फीति बढ़कर 6.09 प्रतिशत पर पहुंचने के बाद नीतिगत ब्याज दर में वृद्धि की आशंका के बीच शेयर बाजार में यह गिरावट देखने को मिली। देखा जाए तो इस माह दोनों मानक सूचकांकों में आई यह पहली बड़ी गिरावट है।
सेंसेक्स 318.56 अंक गिरकर 81,592.45 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 318.56 अंक यानी 0.39 प्रतिशत गिरकर 81,592.45 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय सूचकांक 622.26 अंक यानी 0.75 प्रतिशत तक लुढ़क कर 82,000 के नीचे 81,288.75 तक जा गिरा था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 23 के शेयर लाल निशान पर रुके तो सात में बढ़त दर्ज की गई।
निफ्टी 155.05 अंक टूटकर 25,144.30 पर बंद
वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 155.05 अंक यानी 0.61 प्रतिशत टूटकर 25,144.30 पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 40 के शेयर कमजोर रहे तो नौ में मजबूती दिखी।
महिंद्रा एंड महिंद्रा में सर्वाधिक 2.13 फीसदी की गिरावट
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा के स्टॉक ने सर्वाधिक 2.13 फीसदी की गिरावट देखी। अल्ट्राटेक सीमेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एनटीपीसी, ट्रेंट और एचडीएफसी बैंक में भी उल्लेखनीय गिरावट हुई। दूसरी तरफ, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, एशियन पेंट्स, भारती एयरटेल और रिलायंस इंडस्ट्रीज बढ़त के साथ बंद हुए।
एफआईआई ने 7,830.60 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे
इस बीच, शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 7,830.60 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 95.76 डॉलर प्रति बैरल पर स्थिर रहा।


