1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. पहलवानों के समर्थन में बोलीं प्रियंका गांधी- महिला खिलाड़ियों की आवाज दबा रही है सरकार
पहलवानों के समर्थन में बोलीं प्रियंका गांधी- महिला खिलाड़ियों की आवाज दबा रही है सरकार

पहलवानों के समर्थन में बोलीं प्रियंका गांधी- महिला खिलाड़ियों की आवाज दबा रही है सरकार

0
Social Share

नई दिल्ली, 26 अप्रैल। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि देश की प्रमुख खेल हस्तियां महिला पहलवानों के साथ यौन शोषण के खिलाफ लंबे समय से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार शिकायतों पर ध्यान देने की बजाय उनकी आवाज दबाने का काम कर रही है।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज यहां जारी एक बयान में कहा कि खिलाड़ी देश का मान होते हैं। देश उन पर गर्व क्यों करता है, क्योंकि तमाम मुश्किलों के बावजूद अथक मेहनत और बहुत कुछ सहकर जब वे पदक जीतते हैं, तो उनकी जीत में हमारी जीत होती है, देश मुस्कुरा उठता है।

उन्होंने कहा, “महिला खिलाड़ियों की जीत बाकियों से बड़ी होती है। वे देश की संसद के बगल की सड़क पर आँखों में आँसू लिए बैठी हैं। लंबे समय से चल रहे शोषण के खिलाफ उनकी शिकायत कोई सुन नहीं रहा। मजबूत बाजुओं मगर भोले दिल की इन लड़कियों ने यकीन किया, जब इनसे सरकार ने कहा कि जाँच होगी। मगर जाँच नहीं हुई। सजा का प्रश्न ही नहीं उठा। क्या सरकार दोषियों को बचाना चाहती है।”

प्रियंका गांधी वाड्रा ने खिलाड़ियों की शिकायत ना सुनने के लिए दिल्ली पुलिस से भी सवाल किया और कहा, ”किसका दबाव है दिल्ली पुलिस पर। क्यों इसी पुलिस द्वारा विपक्ष के नेताओं पर भारत जोड़ो यात्रा में किसी लड़की का दर्द सुनने पर पूछताछ की जाती है, मगर देश का मान बढ़ाने वाली खिलाड़ियों की गुहार अनसुनी कर दी जाती है।”

उन्होंने किसी पार्टी का नाम लिए बिना कहा, ”एक पार्टी और उसके नेताओं का घमंड जब आसमान चढ़ जाता है तब ऐसे ही आवाजों को कुचला जाता है। आइये अपनी इन बहनों का साथ दें। यह देश के मान की बात है।”

गौरतलब है कि महिला पहलवानों ने भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण भूरण सिंह पर यौन शोषण का आरोप लगाया है और इसको लेकर महिला खिलाड़ी यहां जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code