नई दिल्ली, 28 अगस्त। देशभर में आज रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जा रहा है। इस बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार न केवल भाई-बहन के बीच, बल्कि परिवार, मित्रों और समाज में भी सम्मान एवं पारस्परिक जिम्मेदारी की भावना का प्रतीक है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने अपने संदेश में कहा, ‘यह त्यौहार हमें याद दिलाता है कि हर रिश्ता विश्वास, संवेदनशीलता और आपसी सहयोग के स्तंभों पर टिका होता है। रक्षाबंधन का त्योहार प्राचीन काल से ही भारतीय संस्कृति और परंपरा का अभिन्न अंग रहा है। कई श्लोकों और मंत्रों में हमें ‘रक्षे मा चल, मा चल’ शब्द मिलते हैं। इन शब्दों में यह प्रार्थना निहित है कि ‘रक्षा का यह बंधन हमेशा बना रहे।’’
मैं देश-विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को रक्षाबंधन के पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। pic.twitter.com/LsvLM6KtdL
— President of India (@rashtrapatibhvn) August 28, 2026
राष्ट्रपति ने कहा कि रक्षाबंधन एक सामाजिक त्योहार के रूप में लोकप्रिय हुआ है, जिसमें बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं। उन्होंने कहा, ‘यह न केवल भाई-बहन के बीच, बल्कि परिवार के सदस्यों, परिवारों, मित्रों और समाज में भी स्नेह, सम्मान और पारस्परिक जिम्मेदारी की भावना का प्रतीक है।’
द्रौपदी मुर्मु ने देशवासियों से ‘अपने परिवारों और समुदायों के बीच संबंधों को और मजबूत करने’ का संकल्प लेने का भी आह्वान किया। उन्होंने देश और विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘आइए, इसी भावना के साथ विकसित भारत की ओर आगे बढ़ें।’


