FIH हॉकी विश्व कप : भारतीय महिलाओं का 52 वर्षों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, विश्व नंबर 5 जर्मनी को हरा पांचवां स्थान पाया

एम्सटेलवीन, 27 अगस्त। भारतीय पुरुष भले ही अपनी ख्याति के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके, लेकिन उनकी महिला समकक्षों ने FIH हॉकी विश्व कप में गुरुवार को यहां पराक्रम दिखाया और पांचवें व छठे स्थान के निर्धारण के लिए खेले गए मैच में विश्व नंबर पांच जर्मनी को 3-1 से हराकर पांचवां स्थान हासिल कर लिया, जो उनका पिछले 52 वर्षों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

पूरे टूर्नामेंट में भारत को सिर्फ एक पराजय का सामना करना पड़ा

उल्लेखनीय तथ्य यह है कि विश्व रैंकिंग में नौवें स्थान पर काबिज भारत को इस टूर्नामेंट में एकमात्र पराजय का सामना, जब दूसरे दौर के पूल ई में ओलम्पिक चैम्पियन सह मेजबान नीदरलैंड्स ने उसे 2-0 से हराया था। इसके पूर्व पहले दौर के पूल डी में ओलम्पिक रजत पदक विजेता चीन के साथ अपराजेय रहते हुए टीम दूसरे दौर में पहुंची थी।

आखिरी 17 मिनट में भारत ने ठोके 3 गोल

दूसरे दौर के आखिरी मैच में ऑस्ट्रेलिया से गोलरहित ड्रॉ के बाद सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हुई सलीमा टेटे एंड कम्पनी ने वेगनेर स्टेडियम में जर्मनी के खिलाफ सारी कसर निकालते हुए आखिरी 17 मिनट में तीन गोल दागे। मध्यांतर तक गोलरहित मुकाबला छूटने के बाद इशिका (43वां मिनट), नवनीत कौर (44वां और 47वां) ने गोल दागे। इनमें नववीत ने पहला गोल शॉर्ट कॉर्नर पर किया। जर्मनी के लिए लिन क्रिंग्स ने 59वें मिनट में एकमात्र गोल दागा।

जर्मनी ने टूर्नामेंट से पहले दो अभ्यास मैचों में भारत को दी थी शिकस्त

दिलचस्प यह है कि जर्मन टीम ने टूर्नामेंट से पहले दो अभ्यास मैचों में भारत को हराया था। क्लासीफिकेशन मैच में पहले 43 मिनट तक दोनों टीमों एक दूसरे को आजमाती रहीं, लेकिन कामयाबी नहीं मिली और आखिरी 17 मिनट में भारत ने जबर्दस्त पासिंग, बेहतरीन फिनिशिंग और मजबूत रक्षण का प्रदर्शन करते हुए जर्मनी को संभलने का मौका ही नहीं दिया। जर्मनी को मैच में छह पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारतीय गोलकीपर और डिफेंस चट्टान की तरह अडिग रहा। वहीं भारत ने दो शॉर्ट कॉर्नर में एक भुनाया।

1974 में भारतीय महिला टीम ने पाया था चौथा स्थान

विश्व कप में पहली बार खेल रहीं 11 खिलाड़ियों के साथ उतरे कोच मारिन के साथ ड्रैग फ्लिक कोच ताइके ताकेमा और विश्लेषण कोच मथियास विला जीत के बाद उछलते नजर आए। यह 1974 में अजिंदर कौर की अगुआई में पहले विश्व कप में चौथे स्थान पर रहने के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम का यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। अगले माह होने वाले एशियाई खेलों से पहले इस प्रदर्शन से भारतीय टीम का आत्मविश्वास जरूर बढ़ा होगा।

सह मेजबान नीदरलैंड्सअर्जेंटीना के बीच खिताबी टक्कर

इस बीच विश्व रैंकिंग में शीर्ष दो नंबरों पर काबिज नीदरलैंड्स व अर्जेंटीना ने अपनी ख्याति के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए खिताबी मुलाकात का अधिकार पा लिया है। आज ही खेले गए सेमीफाइनल में नीदरलैंड्स ने जहां दूसरे सह मेजबान व विश्व नंबर तीन बेल्जियम को 1-0 से हराकर बाहर किया वहीं लैटिन अमेरिकी अर्जंटीनी टीम ने ऑस्ट्रेलिया पर इसी अंतर (1-0) से जीत हासिल की। फाइनल मुकाबला शनिवार को खेला जाएगा।

स्पेन से परास्त चीन आठवां स्थान पा सका

अन्य वर्गीकरण मैचों की बात करें तो स्पेन ने निर्धारित समय तक 1-1 की बराबरी के बाद शूटआउट में चीन को 1-0 से परास्त कर जहां सातवां स्थान पाया वहीं इंग्लैंड, जापान, आयरलैंड व न्यूजीलैंड की टीमें क्रमशः नौवें, 11, 13वें व 15वें स्थान पर रहीं। इंग्लैंड ने अमेरिका को 3-1, जापान ने स्कॉटलैंड को 2-1, आयरलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 1-0 व न्यूजीलैंड ने चिली को 3-2 से शिकस्त दी। इस प्रकार चिली की टीम 16वें व अंतिम स्थान पर रही।

पुरुष वर्ग में भारत व बेल्जियम सातवें व आठवें स्थान के लिए भिड़ेंगे

इस बीच पुरुष वर्ग में विश्व नंबर आठ भारत और सह मेजबान व विश्व नंबर दो बेल्जियम के बीच शुक्रवार को सातवें व आठवें स्थान के निर्धारण का मैच खेला जाएगा। वहीं सेमीफाइनल में मौजूदा चैम्पियन जर्मनी का सामना जहां अर्जेंटीना से होगा वहीं तीन बार के पूर्व विश्व चैम्पियन व मौजूदा ओलम्पिक विजेता नीदरलैंड्स की मुलाकात स्पेन से होगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular