राष्ट्रपति मुर्मु ने प्रदान किए पद्म पुरस्कार, पहले चरण में 66 हस्तियों को मिला सम्मान
नई दिल्ली, 25 मई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार की शाम राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में आयोजित समारोह के दौरान वर्ष 2026 के लिए कला, साहित्य, चिकित्सा, विज्ञान और खेल सहित विभिन्न क्षेत्र की हस्तियों को प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कार प्रदान किए।
President Droupadi Murmu presented Padma Vibhushan, Padma Bhushan and Padma Shri Awards for the year 2026 at the Civil Investiture Ceremony-I held at Rashtrapati Bhavan pic.twitter.com/NO5QL7AwT4
— President of India (@rashtrapatibhvn) May 25, 2026
2 पद्म विभूषण, 6 पद्म भूषण और 58 पद्मश्री पुरस्कार
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने इस वर्ष 25 जनवरी को 131 पद्म पुरस्कार विजेताओं के नामों की घोषणा की थी। इनमें कुल पांच पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 हस्तियों को पद्म श्री से सम्मानित किया जाना है। हालांकि सोमवार को राष्ट्रपति मुर्मु ने पहले चरण में देश की 66 हस्तियों को सम्मानित किया, जिनमें दो पद्म विभूषण, छह पद्म भूषण और 58 पद्मश्री शामिल हैं। अन्य 65 विजेता दूसरे चरण में सम्मानित किए जाएंगे।

19 महिलाएं और 16 मरणोपरांत सम्मान
दिलचस्प यह है कि इस वर्ष पद्म पुरस्कार पाने वालों में 19 महिलाएं शामिल हैं। वहीं, 16 हस्तियों को मरणोपरांत सम्मान दिया जाना है। पद्म विभूषण विजेताओं में दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र, केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वीएस अच्युतानंदन, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज केटी थॉमस व प्रख्यात वायलिन वादिका एन. राजम समेत पांच हस्तियां शामिल हैं।
धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण, हेमा मालिनी ने ग्रहण किया पुरस्कार
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सदबहार अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया। उनकी अभिनेत्री पत्नी और मथुरा से मौजूदा भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। धर्मेंद्र के अलावा एन. राजम को भी पद्म विभूषण से अलंकृत किया गया।
कोश्यारी व उदय कोटक सहित इन हस्तियों को पद्म भूषण
पद्म भूषण विजेताओं में आज जिन हस्तियों को सम्मानित किया गया, उनमें उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, उदय कोटक, शतावधानी डॉ. आर गणेश, विजय कुमार मल्होत्रा, डॉ. कल्लिट्टि रामासामी पलनिस्वामी व पीयूष पांडेय (मरणोपरांत) शामिल हैं।
महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत सहित 50 से ज्यादा हस्तियों को पद्मश्री
वहीं, महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, एक्टर प्रोसेनजीत चटर्जी, विश्वबंधु (मरणोपरांत), भरत सिंह भारती, तगा राम भील, रतिलाल बोरीसागर और पैरा एथलीट प्रवीण कुमार समेत 50 से ज्यादा हस्तियों को पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पीएम मोदी सहित कई दिग्गज रहे मौजूद
समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बिहार के विश्व बंधु के परिवार ने जताई खुशी
पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित बिहार के विश्व बंधु (मरणोपरांत) की पत्नी इंदु देवी ने कहा कि सरकार का तहे दिल से शुक्रिया, जिसने उनके कार्यों को मान्यता दी। उन्होंने कहा कि पूरा परिवार इस सम्मान पर गर्व महसूस कर रहा है और उनकी आंखों में खुशी के आंसू हैं।
पद्म सम्मान से अलंकृत हस्तियों की पूरी सूची देखने के लिए यहां क्लिक करें
