NDA MPs Meeting : ‘वंदे मातरम’ के नारों से गूंजा ‘मंगल मिलन’, पीएम मोदी समेत NDA सांसदों ने लहराया तिरंगा

नई दिल्ली। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सांसदों की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मंगलवार को आयोजित ‘मंगल मिलन’ बैठक की शुरुआत ‘वंदे मातरम’ के नारों के साथ हुई। नई दिल्ली स्थित संसद पुस्तकालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और एनडीए के अन्य नेता तिरंगा लहराते नजर आए। ‘मंगल मिलन’ कार्यक्रम में एनडीए सांसदों ने संसद की आगामी कार्यवाही और सरकार की उपलब्धियों को लेकर रणनीति पर भी चर्चा की। इस दौरान सांसदों के हाथों में तिरंगा नजर आया।

छात्रों के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर निशाना

एनडीए सांसद संसद में पोस्टर के साथ प्रवेश करने की तैयारी में हैं। इन पोस्टरों के जरिए छात्रों के प्रदर्शन से जुड़े मुद्दे पर चर्चा को लेकर कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधा जाएगा। पोस्टरों पर यह संदेश लिखा होगा कि सरकार छात्रों के प्रदर्शन पर चर्चा चाहती है, लेकिन कांग्रेस इस मुद्दे पर चर्चा से बच रही है। इसके अलावा एनडीए सांसद झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन और कथित अत्याचार से जुड़े मुद्दे को भी संसद में उठाने की तैयारी में हैं। इसके जरिए झारखंड सरकार को घेरने की रणनीति बनाई गई है।

पिछली बैठक में सरकार की उपलब्धियों पर हुई थी चर्चा

इससे पहले पिछले सप्ताह हुई ‘मंगल मिलन’ बैठक के बाद भाजपा सांसदों ने पत्रकारों से बातचीत में सरकार की उपलब्धियों, रोजगार, खेल, आर्थिक विकास और संसद की कार्यवाही से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी थी। भाजपा सांसदों ने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप भी लगाया था। भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा था कि भारत तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और रोजगार के क्षेत्र में भी देश की स्थिति मजबूत हुई है। उन्होंने दावा किया था कि बेरोजगारी में कमी आई है और 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।

‘संसद की कार्यवाही बाधित कर रहा विपक्ष’

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा था कि ‘मंगल मिलन’ कार्यक्रम में देश में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा हुई। उन्होंने विपक्ष पर संसद में लगातार हंगामा करने और महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा नहीं होने देने का आरोप लगाया था। उन्होंने बताया था कि बैठक में सांसदों ने संसद की कार्यवाही के दौरान अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्णय लिया, ताकि सरकार जरूरी विधेयकों को सदन से पारित करा सके।

खेलों में भारत की उपलब्धियों पर भी चर्चा

भाजपा के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल ने कहा था कि बैठक में खेल के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने हाल में संपन्न ग्लासगो कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप सहित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के प्रदर्शन का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि यूपीए सरकार के दस वर्षों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के पिछले दस वर्षों के खेल प्रदर्शन की तुलना करने पर भारत की वैश्विक स्थिति में सकारात्मक बदलाव दिखाई देता है।

आर्थिक विकास और रोजगार पर भी फोकस

भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा था कि भारत आर्थिक और सामाजिक विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। बैठक में सकल घरेलू उत्पाद (GDP) की वृद्धि, रोजगार और युवाओं के लिए बढ़ते अवसरों पर चर्चा हुई। रवि किशन ने भी विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि विपक्ष संसद की कार्यवाही को सुचारु रूप से क्यों नहीं चलने दे रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular