Site icon hindi.revoi.in

Prateek Yadav Death : प्रतीक यादव की मौत पर भाई अखिलेश यादव ने जताया गहरा दुख, सैफई में पसरा मातम

Social Share

लखनऊ , 13 मई। सपा नेता मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन हो गया है। प्रतीक के निधन पर भाई अखिलेश यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। अखिलेश ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “प्रतीक यादव का निधन अत्यंत दुखद है! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि!” प्रतीक यादव की मौत के बाद उनका पोस्टमार्टम KGMU में होगा। इस मौके पर अखिलेश यादव पोस्टमार्टम हाउस भी गए।

हेल्थ के प्रति जागरूक था प्रतीक… अखिलेश यादव

पोस्टमार्टम हाउस में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “मैंने बचपन से देखा है कि प्रतीक हेल्थ के प्रति जागरूक था। आज हमारे बीच नहीं है। जो कानून कहता है, परिवार के लोग कहते हैं, उस हिसाब से होना चाहिए। लगभग दो महीने पहले मेरी मुलाकात हुई थी, हमने कहा था कि व्यापार को आगे बढ़ाइए।” बता दें कि प्रतीक यादव, अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे। प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे।

इटावा से लेकर सैफई तक पसरा सन्नाटा

बताया जा रहा है कि प्रतीक यादव के निधन के बाद से इटावा से लेकर सैफई तक सन्नाटा पसर गया है। प्रतीक की मौत की सूचना मिलने पर सभी स्तब्ध हैं। किसी के पास बोलने को कुछ नहीं है। लोगों का कहना है कि मुलायम सिंह यादव के जाने के बाद उनके बेटों के जरिए उन्हें याद रखा जाता रहा है। आज उनके छोटे बेटे की मौत से शोक की लहर छा गई है।

प्रतीक यादव को मृत अवस्था में लाया गया

सिविल अस्पताल के एमएस डॉक्टर डीसी पांडेय ने बताया कि प्रतीक यादव को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। उनके साथ उनके रिश्तेदार मौजूद थे। चिकित्सकों ने देखा तो उनके शरीर में कोई हरकत नहीं थी। जानकारी के लिए बता दें कि प्रतीक यादव समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। प्रतीक सक्रिय राजनीति से काफी हद तक दूर रहे। इसी साल जनवरी में प्रतीक यादव ने ऐलान किया था कि वह अपनी पत्नी अपर्णा यादव को तलाक देंगे। हालांकि, यह मुद्दा आगे नहीं बढ़ा। हाल ही में प्रतीक और अपर्णा अपने बच्चों के साथ नजर आए थे। अपर्णा ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट से परिवार की तस्वीर शेयर की थी।

Exit mobile version