राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस : गृह विभाग ने ट्रस्ट को सौंपी SIT की फाइनल रिपोर्ट

लखनऊ, 17 अगस्त। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) की फाइनल रिपोर्ट उत्तर प्रदेश के गृह विभाग ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंप दी है। मामले में सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप से पहले गठित तीन सदस्यीय SIT ने अपनी जांच पूरी करने के बाद यह रिपोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार को सौंपी थी।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर गत 13 जून को तीन सदस्यीय SIT का गठन किया था। इसकी अध्यक्षता लखनऊ के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत को सौंपी गई थी। टीम में आईजी रेंज किरण एस. और विशेष सचिव (वित्त) नील रतन कुमार को सदस्य बनाया गया था।

शुरुआती रिपोर्ट के बाद दर्ज हुई थी FIR

SIT ने जांच शुरू करने के बाद 23 जून को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपी थी। इस रिपोर्ट में मामले को लेकर कई सख्त सिफारिशें की गई थीं। प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर 25 जून को मामले में पहली FIR दर्ज की गई।

FIR में 8 लोगों को नामजद किया गया था

श्रीराम जन्मभूमि थाने में ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की लिखित शिकायत पर दर्ज FIR (क्राइम नंबर 90/2026) में आठ लोगों को नामजद किया गया था। इसके अलावा कुछ अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया गया। नामजद आरोपितों में अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडेय, रामाशंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और श्रीराम शंकर यादव उर्फ टिन्नू शामिल हैं।

इन धाराओं में दर्ज किया गया केस

आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305, 306, 316(5), 317(4), 317(5), 61 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके साथ ही भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) की धारा 13(1)(a) भी लगाई गई थी। SIT की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर FIR दर्ज करने के साथ मामले में गिरफ्तारी की काररवाई भी की गई थी। इसके बाद टीम ने अपनी जांच आगे बढ़ाते हुए फाइनल रिपोर्ट तैयार की और इसे उत्तर प्रदेश सरकार को सौंप दिया, जिसे सरकार ने आज ट्रस्ट को सौंपा।

RELATED ARTICLES

Most Popular