FIH हॉकी विश्व कप : इंग्लैंड से फिर पार नहीं पा सका भारत, पूल डी के दूसरे मैच में 2-4 से परास्त

एम्स्टेलवीन, 17 अगस्त। FIH हॉकी विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ पिछले 32 वर्षों से जीत की तलाश में भटक रहे भारतीय पुरुषों का इंतजार और बढ़ गया, जब वे सोमवार को यहां पूल डी के अपने दूसरे मैच में बढ़त कायम नहीं रख सके और दूसरे हाफ में तीन गोल गंवाने के कारण उन्हें 2-4 से पराजय का सामना करना पड़ा।

मध्यांतर तक भारत ने 2-1 की बढ़त बना रखी थी

लीग चरण के पहले मैच में दो दिन पूर्व वेल्स को 3-1 से हरा अपने अभियान की प्रभावी शुरुआत करने वाली विश्व नंबर आठ भारतीय टीम वैगनर हॉकी स्टेडियम में आज 13वें मिनट में पिछड़ गई, जब निकोलस बैंडुराक ने विश्व नंबर तीन इंग्लैंड का खाता खोल दिया। इसके बाद भारत ने शानदार वापसी करते हुए कप्तान हरमनप्रीत सिंह (16वें मिनट) और दिलप्रीत सिंह (24वें मिनट) के गोल से मध्यांतर पूर्व 2-1 की बढ़त हासिल कर ली।

हालांकि, इंग्लैंड ने दूसरे हाफ में दबदबा बनाते हुए तीसरे क्वार्टर में स्टुअर्ट रशमेयर (38वें मिनट) और हेनरी क्रॉफ्ट (42वें मिनट) के गोल से स्कोर 3-2 कर दिया। इसके बाद बैंडुराक ने 54वें मिनट में अपना दूसरा गोल कर इंग्लैंड को 4-2 से बढ़त दिलाई, जो निर्णायक साबित हुई।

1994 से विश्व कप में इंग्लैंड से नहीं जीता है भारत

दरअसल, इंग्लिश टीम के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। आखिरी बार भारत को 1994 में सिडनी में पांचवें-छठे स्थान के मुकाबले में एक गोल से जीत मिली थी। इसके बाद 1998 में दोनों टीमों का सामना नहीं हुआ, लेकिन अगले तीन विश्व कप (2002, 2006 और 2010) में इंग्लैंड ने भारत को 3-2 के समान अंतर से हराया। 2018 में दोनों टीमों की टक्कर नहीं हुई और 2023 में पिछले विश्व कप में दोनों ने गोलरहित ड्रॉ खेला। इस मुकाबले को जोड़कर अब तक दोनों टीमों के बीच वर्ल्ड कप में कुल 10 मैच खेले गए हैं, जिसमें इंग्लैंड ने पांच मैच जीते हैं जबकि भारत को तीन मैच में जीत मिली है और दो मुकाबले ड्रॉ रहे।

भारत व पाकिस्तान की बहुप्रतीक्षित भिड़ंत बुधवार को

पूर्व विश्व चैम्पियन भारत के दो मैचों में तीन अंक हैं और वह इंग्लैंड (छह अंक) के बाद पूल में दूसरे स्थान पर है। भारत अब बुधवार को अपने अंतिम पूल मैच में पाकिस्तान के खिलाफ जीत या ड्रॉ करके दूसरे दौर में जगह बनाने की कोशिश करेगा। लेकिन पाकिस्तान से हार मिली तो भारत की चुनौती खत्म हो जाएगी।

पाकिस्तान ने वेल्स के खिलाफ पराजय बचाई, मुकाबला 3-3 बराबर

पाकिस्तान दो मैचों में एक अंक ले सका है और पूल में तीसरे स्थान पर है। चार बार के पूर्व विश्व चैम्पियनों को आज वेल्स के खिलाफ हार बचाने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी और उन्होंने अंतिम क्वार्टर के दो गोलों से यूरोपीय टीम को 3-3 की बराबरी पर रोका। पहले दिन इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 4-1 से शिकस्त दी थी।

महिला वर्ग में मंगलवार को भारत की दक्षिण अफ्रीका से टक्कर

उधर महिला वर्ग में भारत की मंगलवार को पूल डी के दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका से टक्कर होगी। भारतीय महिलाओं ने रविवार को ओलम्पिक रजत पदक विजेता चीन को 2-2 की बराबरी पर रोका था।

RELATED ARTICLES

Most Popular