पीएम मोदी ने श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स की शानदार विरासत की तारीफ की, बोले- SRCC के पूर्व छात्र असाधारण

नई दिल्ली, 5 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को श्री राम कॉलेज ऑफ़ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह में शामिल हुए। इस दौरान, अपने संबोधन में उन्होंने SRCC के पूर्व छात्रों के नेटवर्क के अहम योगदान की तारीफ की और उन्हें OGs (अग्रणी या खास लोग) बताया, जिन्होंने दुनियाभर में अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी गहरी छाप छोड़ी है।

पीएम मोदी ने कहा, “SRCC के पूर्व छात्र भी बहुत खास रहे हैं। आपकी भाषा में कहूं तो यहां के पूर्व छात्र ‘OGs’ (असली दिग्गज) हैं। उन्होंने दुनियाभर में SRCC का नाम रोशन किया है और अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है।”

प्रधानमंत्री ने इस खास मौके पर SRCC के छात्रों, फैकल्टी और पूर्व छात्रों को बधाई दी। उन्होंने संस्थान की शानदार शैक्षणिक विरासत की तारीफ करते हुए कहा कि SRCC ने कई पीढ़ियों को संवारा है और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए तैयार किया है।

उन्होंने कहा, ‘मैं श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के शताब्दी समारोह पर आपको बधाई देता हूं। जब कोई इंसान 100 साल तक जीता है, तो उसे गहरे ज्ञान और बड़े अनुभव वाला व्यक्ति माना जाता है। जब कोई संस्थान 100 साल पूरे करता है तो वह उपलब्धियों का सागर बन जाता है। SRCC ने कई पीढ़ियों को संवारा है और उन्हें एक उज्ज्वल भविष्य से जोड़ा है।’

SRCC के पुरातन छात्र अरुण जेटली को याद किया

पीएम मोदी ने कहा, ‘हमारे अरुण जेटली जी भी यहीं से पढ़े थे। मैं कह सकता हूं कि शायद हमारी कोई मुलाकात ऐसी नहीं होती थी, जब वे SRCC की कोई घटना न सुनाते हों। यहां से कई कलाकार, नेता और वकील निकले हैं। SRCC के लोगों ने हर क्षेत्र में धूम मचाई है।’

प्रधानमंत्री ने बताया, ‘कभी-कभी मैं थक जाता था क्योंकि वह मुझे वही घटना बार-बार सुनाते थे। आज भी, संजीव सान्याल, जो मेरी टीम का हिस्सा हैं, SRCC के पूर्व छात्र हैं। हमारे कई और साथी भी हैं, जिन्होंने यहीं पढ़ाई की है। और ऐसा नहीं है कि SRCC से सिर्फ अर्थशास्त्र की दुनिया के लोग ही निकले हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कलाकारों से लेकर राजनेताओं, वकीलों और जजों तक, हर क्षेत्र के लोग यहीं से निकले हैं।

कॉलेज प्रशासन ने पीएम मोदी को यादगार स्मृति-चिह्न भेंट किया

कॉलेज प्रशासन ने SRCC के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री मोदी को एक यादगार स्मृति-चिह्न भेंट किया। खास बात यह है कि पीएम मोदी ने नॉर्थ दिल्ली में कैंपस तक पहुंचने के लिए दिल्ली मेट्रो से सफर करने का फैसला किया और यात्रा के दौरान छात्रों व अन्य यात्रियों से बातचीत भी की।

उल्लेखनीय है कि श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स का शताब्दी समारोह शिक्षक दिवस (5 सितम्बर) के साथ हो रहा है, जिससे यह अवसर और भी खास बन जाता है। हमारा देश पीढ़ियों को आकार देने और समाज की नींव मजबूत करने में शिक्षकों और शिक्षाविदों के योगदान का सम्मान करता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular