नई दिल्ली, 5 सितम्बर। कांग्रेस ने अगले वर्ष सात राज्यों में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों के मद्देनजर संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए छह राज्यों के नए प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। इस क्रम में सचिन पायलट पंजाब, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल असम और रणदीप सुरजेवाला गुजरात के प्रभारी नियुक्त किए गए।
भूपेश बघेल असम और रणदीप सुरजेवाला गुजरात भेजे गए
पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई। भूपेश बघेल अब तक पंजाब के प्रभारी थे। उनकी जगह राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट को यह जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी महासचिव पायलट अब तक छत्तीसगढ़ का प्रभार देख रहे थे। रणदीप सुरजेवाला अब तक कर्नाटक के प्रभारी थे, जिन्हें गुजरात भेजा गया है। इसी क्रम में सुखदेव भगत छत्तीसगढ़, श्री वेल्ला प्रसाद महाराष्ट्र और पीवी मोहन आंध्र प्रदेश के प्रभारी बनाए गए हैं।
Congress President Shri @kharge has reassigned/appointed the following party functionaries as AICC General Secretary/ Incharge of the following states, with immediate effect. pic.twitter.com/gt9GrKbgBF
— Congress (@INCIndia) September 5, 2026
उल्लेखनीय है कि अगले वर्ष पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, गुजरात और मणिपुर में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। फिलहाल इन सात राज्यों में से केवल एक राज्य (हिमाचल प्रदेश) में कांग्रेस की सरकार है।
भूपेश बघेल पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी कलब सुलझाने में असफल रहे
दरअसल, कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की कोशिश के बावजूद पार्टी की पंजाब इकाई में अंदरूनी कलह थम नहीं रही थी। विगत दिनों पंजाब मामलों के प्रभारी पार्टी महासचिव भूपेश बघेल की मौजूदगी में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थकों ने नारेबाजी की थी। चरणजीत सिंह चन्नी और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के समर्थक एक दूसरे पर कई आरोप लगा रहे थे और भूपेश बघेल इस खत्म करने में असफल रहे।
छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र व आंध्र को भी मिले नए प्रभारी
पार्टी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने गुजरात में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक का स्थान लिया है। वासनिक महासचिव बने रहेंगे, फिलहाल उन्हें किसी राज्य का प्रभार नहीं दिया गया है। सुरजेवाला गुजरात के साथ-साथ कर्नाटक के प्रभारी महासचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी संभालेंगे। इसके अलावा सांसद सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़, डॉ. श्रीवेल्ला प्रसाद को महाराष्ट्र और पी.वी. मोहन को आंध्र प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है।
कांग्रेस ने इसी क्रम में कार्यमुक्त किए गए महासचिवों एवं प्रभारियों – जितेंद्र सिंह, रमेश चेन्निथला और मणिकम टैगोर के योगदान की सराहना की है। असम विधानसभा चुनाव में हार के बाद जितेंद्र सिंह ने प्रभारी पद से इस्तीफा दिया था। चेन्निथला केरल के गृह मंत्री और टैगोर तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बन चुके हैं।


