कुमामोतो (जापान), 14 नवम्बर। भारत के शीर्षस्थ शटलर लक्ष्य सेन ने यहां कुमामोतो मास्टर्स जापान सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन जारी रखते हुए शनिवार को विश्व नंबर 10 इंडोनेशियाई अल्वी फरहान को तीन गेम में हराया और सत्र के लगातार दूसरे पुरुष एकल फाइनल में जगह बना ली।
🇮🇳 A HISTORIC FIRST FOR INDIAN BADMINTON🔥
A brilliant performance from Lakshya Sen as he becomes the first Indian shuttler to reach the final of the Kumamoto Masters Japan 💪
Show your love and support for Lakshya Sen❤️🇮🇳 Drop some 🔥emoji in the comments to cheer him on. https://t.co/Xpf8sKFqSh
— BAI Media (@BAI_Media) November 14, 2026
लक्ष्य ने विश्व नंबर 10 इंडोनेशियाई फरहान को बाहर किया
इस माह की शुरुआत में हाइलो ओपन सुपर 500 के जरिए सत्र की पहली उपाधि जीतने वाले विश्व नंबर 13 लक्ष्य ने कुमामोतो प्रीफेक्चल जिम्नेजियम कोर्ट नंबर एक पर छठी सीड फरहान की चुनौती तोड़ी और 70 मिनट तक खिंची कश्मकश 21-12, 15-21, 21-11 से अपने नाम की। अहम तथ्य यह भी है कि कुमामोतो मास्टर्स के फाइनल तक पहुंचे लक्ष्य भारत के पहले शटलर हैं।
वातानबे ने दूसरी सीड वितिदसार्न की चुनौती तोड़ी
आठवीं सीड लेकर उतरे 24 वर्षीय लक्ष्य की अब लगातार दूसरी उपाधि के लिए रविवार को स्थानीय दर्शकों के चहेते यानी गैर वरीय जापानी कोकी वाताताबे से मुलाकात होगी, जिन्होंने पहला गेम गंवाने के बाद असाधारण वापसी की और दूसरे वरीय थाईलैंड के कुनलावुत वितिदसार्न को बाहर का रास्ता दिखाते हुए एक घंटा 17 मिनट तक खिंचा रोमांचक संघर्ष 14-21, 21-11, 23-21 से अपने नाम किया।
वातानबे के खिलाफ लक्ष्य का मैच स्कोर 4-3
लक्ष्य व विश्व नंबर 15 वातानबे के बीच अब तक सात मुलाकातें हो चुकी हैं, जिनमें भारतीय शटलर को 4-3 की बढ़त है। हालांकि इस वर्ष दोनों मुकाबलों (सिंगापुर ओपन व जापान ओपन) में कोकी बीस छूटे हैं। पिछले वर्ष दोनों खिलाड़ियों की मुलाकात यहां अंतिम 32 दौर में हुई थी, तब लक्ष्य ने सीधे गेमों में मुकाबला जीता था।
BWF विश्व टूर फाइनल्स का टिकट पाने की लक्ष्य की उम्मीदें मजबूत
लक्ष्य की बात करें तो हाइलो ओपन के बाद अब कुमामोतो मास्टर्स में भी खिताबी मुहाने तक पहुंचने से उनके हांगझू BWF विश्व टूर फाइनल्स की अर्हता हासिल करने की उम्मीदें मजबूत हो उठी हैं। लक्ष्य फिलहाल बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर रैंकिंग में 64,980 अंकों के साथ 12वें स्थान पर हैं। सत्र के अंत में प्रस्तावित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में क्वालीफाई करने के लिए उन्हें शीर्ष आठ में जगह बनानी होगी।
Semifinals clash sees Alwi Farhan 🇮🇩 contest Lakshya Sen 🇮🇳.
#BWFWorldTour #KumamotoMasters2026 https://t.co/OR8rv4Xp8u
— BWF (@bwfmedia) November 14, 2026
सुपर 500 टूर्नामेंट का खिताब जीतने पर लक्ष्य को 9,200 अंक मिलेंगे जबकि उप विजेता रहने पर उन्हें 7,800 अंक हासिल होंगे। दोनों ही परिणाम उन्हें बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर रैंकिंग के शीर्ष आठ में पहुंचा सकते हैं। हालांकि हांगकांग ओपन सुपर 500 और सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय सुपर 300 टूर्नामेंट अभी बाकी हैं, जिससे रैंकिंग में बदलाव की संभावना बनी रहेगी।
लक्ष्य ने फरहान के खिलाफ पिछली हार का हिसाब चुकता किया
सेमीफाइनल पर नजर दौड़ाएं तो लक्ष्य इससे पहले फरहान के खिलाफ अपने दोनों मुकाबले हार चुके थे और इंडोनेशियाई खिलाड़ी के खिलाफ एक भी गेम नहीं जीत पाए थे। लेकिन शनिवार को उन्होंने शानदार वापसी करते हुए पिछली हार का हिसाब बराबर कर दिया।
फरहान तेज गति और आक्रामक खेल के लिए जाने जाते हैं तथा लंबी रैलियों में उलझने के बजाय तेजी से अंक हासिल करने की कोशिश करते हैं। लक्ष्य ने उनका मुकाबला करने के लिए धैर्य के साथ रैलियां बनाने और सही मौके पर आक्रमण करने की रणनीति अपनाई। अंततः भारतीय शटलर को इसका फायदा मिला।


